
Neeraj Chopra Silver Medal CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा शानदार रही। भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं, युवा खिलाड़ी यशवीर सिंह ने शानदार वापसी करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। इस तरह भारत ने एक ही इवेंट में दो मेडल हासिल किए। हालांकि, गोल्ड मेडल इस बार श्रीलंका के युवा जैवलिन थ्रोअर रुमेश थरंगा पथिरागा ने जीता।
पुरुषों की जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में नीरज चोपड़ा ने पहले प्रयास में काफी बैलेंस्ड शुरुआत की। दूसरे प्रयास में उन्होंने 85.83 मीटर दूर भाला फेंककर पहला नंबर हासिल कर लिया। यह चोट से वापसी के बाद इस सीजन का उनका बेस्ट थ्रो भी रहा। हालांकि, उनकी बढ़त ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी। श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागा ने अपने दूसरे प्रयास में 89.73 मीटर का शानदार थ्रो किया और नीरज को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद अगले चार प्रयासों में न तो नीरज अपना रिकॉर्ड सुधार सके और न ही पथिरागा से आगे निकल पाए। आखिर में पथिरागा ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि नीरज को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
और पढे़ं- कॉमनवेल्थ गेम्स: बॉक्सर साक्षी चौधरी फाइनल में, गोल्ड से बस एक कदम दूर
भारत के युवा खिलाड़ी यशवीर सिंह ने मुकाबले के आखिरी प्रयास में कमाल कर दिया। शुरुआती पांच राउंड के बाद वह छठे स्थान पर थे और उनका बेस्ट थ्रो 81.33 मीटर था। लेकिन आखिरी प्रयास में उन्होंने 85.41 मीटर दूर भाला फेंककर सीधे तीसरे नंबर पर छलांग लगा दी। यह उनके करियर का बेस्ट थ्रो भी रहा। इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। वहीं भारत के दूसरे खिलाड़ी रोहित यादव छठे स्थान पर रहे। भारत के लिए यह मुकाबला यादगार रहा क्योंकि एक ही इवेंट में नीरज चोपड़ा ने सिल्वर और यशवीर सिंह ने ब्रॉन्ज जीतकर देश को दो मेडल दिलाए।
इस मुकाबले में पाकिस्तान के अरशद नदीम पर भी सभी की नजरें थीं। पेरिस ओलंपिक 2024 के गोल्ड मेडलिस्ट और मौजूदा बड़े दावेदार माने जा रहे अरशद चोट से वापसी कर रहे थे। हालांकि, वह अपने शुरुआती तीन प्रयासों में 80 मीटर का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। इसके चलते वह टॉप-8 में जगह बनाने में असफल रहे और उन्हें आखिरी तीन थ्रो का मौका नहीं मिला। इसी कारण वह बिना किसी मेडल के प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
1. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नीरज चोपड़ा ने कौन-सा मेडल जीता?
नीरज चोपड़ा ने पुरुष जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीता।
2. जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल किसने जीता?
श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागा ने 89.73 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता।
3. अरशद नदीम को मेडल क्यों नहीं मिला?
अरशद नदीम शुरुआती तीन प्रयासों में 80 मीटर का आंकड़ा पार नहीं कर सके और टॉप-8 में जगह नहीं बना पाए, इसलिए उन्हें अंतिम तीन थ्रो का मौका नहीं मिला।