Chess Olympiad 2026: चेस ओलंपियाड में भारत का जलवा, ओपन और महिला टीम की लगातार चौथी जीत

Published : Sep 20, 2026, 09:45 AM IST
Indian women chess team

सार

Indian Women Chess Team: समरकंद में चल रहे चेस ओलंपियाड 2026 में भारतीय टीमों का शानदार प्रदर्शन जारी है। ओपन टीम ने स्पेन को और महिला टीम ने मंगोलिया को 3-1 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की है।

Indian Chess Team Samarkand: समरकंद में चल रहे चेस ओलंपियाड 2026 में भारत का विजय रथ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भारतीय ओपन और महिला, दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-1 से जीत दर्ज की। ओपन टीम ने स्पेन को धूल चटाई, तो वहीं महिला टीम ने मंगोलिया को हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार चौथी जीत पक्की की।

ओपन टीम ने स्पेन को हराया

FIDE की वेबसाइट के मुताबिक, ओपन सेक्शन में अर्जुन एरिगैसी और डी गुकेश ने अपने-अपने मुकाबले जीते। वहीं, आर प्रज्ञानानंद और निहाल सरीन ने अपने मैच ड्रॉ खेलकर टीम को 3-1 से शानदार जीत दिला दी। गुकेश ने 42 चालों में अलेक्सी शिरोव को मात दी, जबकि अर्जुन एरिगैसी ने 36 चालों में मैक्सिम चिगाएव को हरा दिया।

टॉप बोर्ड पर खेल रहे प्रज्ञानानंद ने काले मोहरों से खेलते हुए डेविड एंटोन के साथ 38 चालों के बाद मैच ड्रॉ कराया। दूसरी तरफ, निहाल सरीन ने भी जैमे सैंटोस को 30 चालों में बराबरी पर रोक दिया। इस तरह भारत ने स्पेन को 3-1 से हरा दिया।

इस जीत के साथ ही भारतीय ओपन टीम उन चुनिंदा टीमों में बनी हुई है, जिन्होंने अब तक अपने चारों मैच जीते हैं। चार राउंड के बाद भारत के अलावा चीन, मेजबान उज्बेकिस्तान, जर्मनी, आर्मेनिया, अमेरिका, नीदरलैंड और हंगरी की टीमें भी अजेय हैं।

महिला टीम ने मंगोलिया को दी मात

महिला सेक्शन में भी भारत का रिकॉर्ड एकदम परफेक्ट चल रहा है। टीम ने मंगोलिया को 3-1 से हरा दिया। दिव्या देशमुख और सविता श्री ने अपने-अपने मैच शानदार तरीके से जीते, जबकि शुरुआती दो बोर्ड के मुकाबले ड्रॉ रहे। खास बात ये है कि सविता 4/4 के परफेक्ट स्कोर के साथ अब तक अजेय हैं।

टॉप दो बोर्ड पर कोनेरू हम्पी और आर. वैशाली ने अपने मैच ड्रॉ खेले। हम्पी ने 82 चालों की लंबी जद्दोजहद के बाद बैट-एर्डेन मुंगुन्जुल के साथ अंक बांटे। वहीं, वैशाली और तुर्मुंख मुंखजुल के बीच 75 चालों तक चला मुकाबला भी बराबरी पर छूटा।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Kumar Kushagra Team India: कौन हैं कुमार कुशाग्र? केएल राहुल की जगह टीम इंडिया में मिली एंट्री, जानें उनका क्रिकेट रिकॉर्ड
IND vs WI 5th T20: इंडिया-वेस्टइंडीज का 5वां टी20 मैच फ्री में कैसे देखें? जानें बेंगलुरु मैच का टाइम