FIFA World Cup Semifinal: हार से बौखलाए बेलिंघम, अर्जेंटीना के खिलाड़ी को जड़ा थप्पड़-वीडियो वायरल

Published : Jul 16, 2026, 09:39 AM IST
FIFA World Cup Semifinal

सार

फीफा वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में अर्जेंटीना से हार के बाद इंग्लैंड के जूड बेलिंघम आपा खो बैठे। उन्होंने हताशा में अर्जेंटीना के खिलाड़ी वैलेन्टिन बार्को को थप्पड़ मारा, जिसके बाद मैदान पर दोनों टीमों के बीच हाथापाई हो गई।

अटलांटा: फीफा वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में अर्जेंटीना के हाथों इंग्लैंड की हार के बाद अटलांटा का मैदान जंग का अखाड़ा बन गया। हार की हताशा में इंग्लैंड के स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंघम अपना आपा खो बैठे और उन्होंने अर्जेंटीना के युवा खिलाड़ी वैलेन्टिन बार्को को सिर पर थप्पड़ जड़ दिया। मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हुई इस कहासुनी और हाथापाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पूरे टूर्नामेंट में इंग्लैंड के लिए हीरो रहे बेलिंघम इस मैच में अर्जेंटीना का डिफेंस नहीं भेद पाए। मैच के आखिरी सात मिनटों में लियोनेल मेसी के जादुई असिस्ट पर एंज़ो फर्नांडेज़ और लुटारो मार्टिनेज ने गोल दागकर अर्जेंटीना को एक अविश्वसनीय जीत दिलाई। इसी के बाद बेलिंघम का पारा चढ़ गया। यह घटना रेफरी की फाइनल सीटी बजने के ठीक बाद हुई। हार से निराश बेलिंघम मैदान पर अकेले खड़े थे, तभी एक अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने उन्हें सांत्वना दी। लेकिन इसके तुरंत बाद वैलेन्टिन बार्को अपने साथियों के साथ ग्रुप हग के लिए बेलिंघम के पास पहुंचे। कहा जा रहा है कि इसी दौरान बार्को ने बेलिंघम को देखकर कुछ उकसाने वाली बात कही, जिससे रियल मैड्रिड का यह स्टार खिलाड़ी भड़क गया।

इस वर्ल्ड कप में 6 गोल दागकर शानदार फॉर्म में चल रहे बेलिंघम ने बेहद गुस्से में बार्को के सिर के पीछे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद बार्को ने भी बेलिंघम को धक्का दिया। इससे पहले कि मामला और बिगड़ता, दोनों टीमों के बाकी खिलाड़ी तुरंत बीच-बचाव करने आ गए और दोनों को अलग किया।

 

मैच के बाद बेलिंघम ने भावुक होकर कहा, "यह हमारे और इंग्लैंड के फैंस के लिए बहुत दुखद दिन है। हमने अच्छा खेला, अंत तक लड़े, लेकिन जीत के लिए यह काफी नहीं था।" मैच में एक गोल की बढ़त लेने के बाद आखिरी पलों में सिर्फ डिफेंस पर फोकस करने की रणनीति के लिए इंग्लैंड के कोच थॉमस ट्यूशेल की सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हो रही है। हालांकि, जर्मन कोच ने इन आलोचनाओं को खारिज कर दिया।

 

थॉमस ट्यूशेल ने कहा, "पिछले मैचों में मैंने अटैकिंग बदलाव किए हैं, यहां मैं खिलाड़ियों की मदद करने की कोशिश कर रहा था। गोल खाने के बाद मैंने डिफेंस में बड़ी कमियां देखीं, इसलिए मैंने पांच डिफेंडरों के साथ खेलने का फैसला किया। जब टीम हारती है तो कोच को दोष देना आसान होता है। मैं हार की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं।"

सेमीफाइनल में हार के बावजूद इंग्लैंड का वर्ल्ड कप में अभी एक मैच बाकी है। शनिवार को तीसरे स्थान के लिए होने वाले मुकाबले में इंग्लैंड का सामना फ्रांस से होगा। इस बीच, ऐसी भी खबरें हैं कि सेमीफाइनल जीतने के बाद फॉकलैंड द्वीप को लेकर की गई टिप्पणियों के लिए फीफा अर्जेंटीना के खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

IND vs WI 1st T20 Live Streaming: फ्री में कब-कहां-कैसे देखें भारत-वेस्टइंडीज का मुकाबला
Asian Games 2026: 85 मेडल के बाद उठे ये 5 बड़े सवाल, भारत के खेल सिस्टम की क्या है असली तस्वीर?