
नई दिल्लीः फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी मुकाबले में मेजबान USA ने ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही अमेरिका ने नॉकआउट राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। USA के लिए पहला गोल ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर कैमरून बर्गेस के ओन गोल (आत्मघाती गोल) से आया, जबकि दूसरा गोल एलेक्स फ्रीमैन ने हेडर से किया।
मैच की शुरुआत से ही USA की टीम हावी रही। खेल के 11वें मिनट में USA के खिलाड़ी फोलारिन बालोगन बॉल लेकर लेफ्ट विंग से तेजी से आगे बढ़े। उन्हें रोकने की कोशिश में ऑस्ट्रेलियाई डिफेंडर कैमरून बर्गेस से बड़ी गलती हो गई और गेंद उनके पैर से लगकर सीधे अपने ही गोल में चली गई। इस ओन गोल की बदौलत USA ने मैच में 1-0 की बढ़त बना ली।
एक गोल से पिछड़ने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बराबरी करने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे कामयाब नहीं हो सके। इस बीच, USA के हमलों को रोकने के चक्कर में ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर्स जॉर्डन बोस और एलेसेंड्रो सिरकाटी को येलो कार्ड भी देखना पड़ा। मैच के 43वें मिनट में USA ने अपनी बढ़त दोगुनी कर ली। एंटोनी रॉबिन्सन की किक पर सर्जिनो डेस्ट ने गेंद को गोल पोस्ट के ठीक सामने खड़े एलेक्स फ्रीमैन तक पहुंचाया। फ्रीमैन ने कोई गलती नहीं की और शानदार हेडर से गेंद को गोल में डाल दिया। हालांकि, लाइन रेफरी ने पहले ऑफसाइड का झंडा दिखाया, लेकिन VAR (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) की जांच के बाद गोल को सही करार दिया गया। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम कोई गोल नहीं कर सकी और मैच 2-0 के स्कोर पर खत्म हुआ।