FIFA World Cup: 10 खिलाड़ियों के साथ भी नहीं रुका USA, अब बेल्जियम से होगी टक्कर

Published : Jul 02, 2026, 09:22 AM IST
USA vs Bosnia FIFA World Cup

सार

USA ने फीफा वर्ल्ड कप में बोस्निया को 2-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। 10 खिलाड़ियों से खेलने के बावजूद बालोगन और टिलमैन के गोल से टीम जीती। अब अंतिम-16 में उसका सामना बेल्जियम से होगा।

न्यूयॉर्क: फीफा वर्ल्ड कप में अमेरिका ने शानदार खेल दिखाते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। एक अहम मुकाबले में USA ने बोस्निया एंड हर्जेगोविना को 2-0 से हराया। अमेरिका के लिए फोलारिन बालोगन और मलिक टिलमैन ने गोल किए। हालांकि, बालोगन को 64वें मिनट में रेड कार्ड भी देखना पड़ा। अब अंतिम-16 यानी प्री-क्वार्टर फाइनल में अमेरिका का सामना बेल्जियम से होगा। मैच की शुरुआत से ही अमेरिकी टीम ने बेहतरीन अटैक किया।

फोलारिन बालोगन ने पहले हाफ में ही बोस्निया के डिफेंस को भेदते हुए गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। बालोगन की रफ्तार और सटीक खेल ने अमेरिकी अटैक को धार दी। पहले हाफ में अमेरिका पूरी तरह से मैच पर हावी रहा। लेकिन मैच के 64वें मिनट में अमेरिका को एक बड़ा झटका लगा। बोस्निया के खिलाड़ी तारिक मुहारेमोविच के खिलाफ फाउल करने पर बालोगन को सीधे रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया।

इसके बाद लगा कि 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही अमेरिकी टीम दबाव में आ जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। टीम ने हार नहीं मानी। मलिक टिलमैन ने ऐसा प्रदर्शन किया मानो एक खिलाड़ी की कमी महसूस ही न हो। मैच के 82वें मिनट में टीम के लिए दूसरा गोल आया। पेनल्टी बॉक्स के ठीक बाहर से टिलमैन ने एक शानदार फ्री-किक ली। गेंद बोस्निया के गोलकीपर निकोला वासिलिज के हाथों से लगकर सीधे गोलपोस्ट में चली गई। इस गोल ने अमेरिका की जीत पक्की कर दी।

10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद शानदार डिफेंस और बेहतरीन गोल करने वाली अमेरिकी टीम का आत्मविश्वास इस वक्त सातवें आसमान पर है। अब फुटबॉल फैंस बेल्जियम के खिलाफ होने वाले प्री-क्वार्टर फाइनल मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Asian Games 2026: भारत के खाते में अब तक कितने मेडल? पदक तालिका में देश किस नंबर पर
Asian Games 2026: एशियन गेम्स में भारत का जलवा, तीरंदाजी और शूटिंग में जीते 4 गोल्ड