
नई दिल्ली/वाशिंगटन: अमेरिका की फेडरल कोर्ट ने एप्पल कंपनी को तगड़ा झटका दिया है। अदालत ने आईफोन (iPhones) और एप्पल वॉच (Apple Watches) में इस्तेमाल होने वाली टैपिंग या टच तकनीक को पेटेंट नियमों का उल्लंघन माना है। कोर्ट ने इसके लिए टेक दिग्गज एप्पल पर 54,000 करोड़ रुपये ($5.7 बिलियन) का भारी जुर्माना लगाया है। अमेरिका के इतिहास में इस तरह के मामले में यह अब तक का सबसे बड़ा जुर्माना है।
सैन डिएगो की कंपनी 'टैक्शन टेक्नोलॉजी' (Taction Technology) ने साल 2021 में यह मुकदमा दायर किया था। कंपनी का आरोप था कि एप्पल ने बिना इजाजत उनकी पेटेंटेड वाइब्रेशन तकनीक (Vibration Technology) का इस्तेमाल अपने फोन और वॉच के 'टैप्टिक इंजन' (Taptic Engine) में किया है।
साल 2023 में निचली फेडरल अदालत ने एप्पल के पक्ष में फैसला सुनाते हुए इस शिकायत को खारिज कर दिया था। लेकिन टैक्शन टेक्नोलॉजी ने इस फैसले को चुनौती दी और अपील दायर की। इसके बाद फेडरल सर्किट ने मामले को दोबारा जांच के लिए भेजा।
अदालत में 14 सितंबर को सुनवाई शुरू हुई। 7 सदस्यों वाली जूरी ने एकमत से माना कि एप्पल का 'टैप्टिक इंजन' (जो आईफोन और वॉच में टच, वाइब्रेशन और हार्टबीट सिमुलेशन का अहसास देता है) टैक्शन कंपनी के दो पेटेंट (नंबर 10,659,885 और 10,820,117) का उल्लंघन करता है। हालांकि, कोर्ट ने यह भी कहा कि एप्पल ने जानबूझकर ऐसा नहीं किया है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि आईफोन और वॉच में मौजूद यह फीचर आगे रहेगा या हटा दिया जाएगा।
एप्पल ने कोर्ट के इस फैसले को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी ने कहा, 'हम जूरी के समय और विचार के लिए उनका धन्यवाद करते हैं, लेकिन आज के फैसले और जुर्माने की रकम का हम कड़ा विरोध करते हैं। यह फैसला तथ्यों के बिल्कुल उलट है। हमारी 'टैप्टिक इंजन' तकनीक टैक्शन की तकनीक से पूरी तरह अलग है। हम इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगे।'
दूसरी तरफ, टैक्शन कंपनी के वकील लांस यांग (Lance Yang) ने कहा, 'हमें इस मामले में न्याय के लिए साढ़े पांच साल तक इंतजार करना पड़ा। जूरी ने हमारे पक्ष में फैसला सुनाया है, जिससे हम बेहद खुश हैं।' फिलहाल यह मामला अब अपील के स्तर पर पहुंच गया है और सबकी नजरें एप्पल की अगली कानूनी लड़ाई पर टिकी हैं।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।