
स्मार्टफोन बाजार में ऐपल अकेली ऐसी बड़ी कंपनी है, जिसने अब तक कोई फोल्डेबल फोन लॉन्च नहीं किया है। लेकिन सालों से चल रही अफवाहों के बाद अब ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि कंपनी अपना पहला फोल्डेबल आईफोन लाने की तैयारी में है। हालांकि, यह डिवाइस 'आईफोन फोल्ड' या 'आईफोन अल्ट्रा' नाम से आएगा, यह अभी साफ नहीं है। इसी बीच, लीक हुई एक डमी यूनिट की तस्वीरों ने इस डिवाइस के डिजाइन से जुड़ी नई जानकारी सामने ला दी है।
ये तस्वीरें एक्स (पहले ट्विटर) पर टिप्सटर सोनी डिक्सन ने शेयर की हैं। तस्वीरों के मुताबिक, ऐपल का फोल्डेबल आईफोन 'पासपोर्ट' स्टाइल में चौड़े फोल्डेबल डिजाइन के साथ आएगा। रिपोर्ट्स की मानें तो यह देखने में पहली पीढ़ी के गूगल पिक्सल फोल्ड जैसा हो सकता है।
डिवाइस के पिछले हिस्से पर एक पिल-शेप (गोली जैसा) कैमरा मॉड्यूल देखा जा सकता है, जो हॉरिजॉन्टल यानी लेटा हुआ है। इसमें दो कैमरा सेंसर होने की उम्मीद है। एक और लीक रिपोर्ट बताती है कि वॉल्यूम बटन साइड में न होकर ऊपर की तरफ हो सकते हैं। पावर बटन अपनी सामान्य जगह यानी साइड में ही रहेगा।
डमी यूनिट की तस्वीरों से फोन के अंदर की बड़ी डिस्प्ले का भी पता चलता है। उम्मीद है कि इसमें करीब 7.8 इंच की OLED स्क्रीन होगी। अगर ऐसा होता है, तो यह अब तक किसी भी आईफोन में दी गई सबसे बड़ी स्क्रीन होगी। बाहर की तरफ 5.5 इंच की OLED डिस्प्ले होने की भी खबर है। रिपोर्ट्स यह भी बताती हैं कि सेल्फी कैमरे के लिए पंच-होल डिजाइन का इस्तेमाल किया जा सकता है।
हार्डवेयर की बात करें तो अफवाहों के मुताबिक, फोल्डेबल आईफोन में 2 नैनोमीटर तकनीक पर बना A20 प्रो चिपसेट, 12GB रैम और 1TB तक स्टोरेज मिल सकती है। इसमें डुअल कैमरा सिस्टम होने की उम्मीद है, जिसमें 48 मेगापिक्सल का मेन कैमरा और 48 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस शामिल होगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बैटरी की क्षमता 5,400mAh से 5,800mAh के बीच हो सकती है। यह आईफोन में अब तक इस्तेमाल की गई सबसे बड़ी बैटरी हो सकती है। इसकी कीमत 2,000 से 2,400 डॉलर के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, ऐपल ने इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, इसलिए इन सभी जानकारियों को फिलहाल सिर्फ अफवाह ही माना जाना चाहिए।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।