
बीजिंग: स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी ऑनर ने अपने अगली पीढ़ी के कॉन्सेप्ट फोन, 'ऑनर रोबोट फोन' को 2026 की तीसरी तिमाही में लॉन्च करने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इसका मतलब है कि यह फोन जुलाई से सितंबर के बीच दुनिया भर के बाजारों में आ जाएगा। यह घोषणा फ्रांस में कांस फिल्म फेस्टिवल के दौरान ऑनर के सीईओ ली जेन ने की। उन्होंने साफ किया कि कंपनी का मकसद यूजर्स को सिनेमा लेवल का मोबाइल इमेजिंग एक्सपीरियंस देना है।
बता दें कि कंपनी ने इस साल मार्च में हुए मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (MWC) में ऑनर रोबोट फोन का प्रीव्यू दिखाया था। उस इवेंट में कंपनी ने बताया था कि यह अनोखा स्मार्टफोन इसी साल के आखिर में लॉन्च किया जा सकता है, लेकिन अब लॉन्चिंग को आगे बढ़ा दिया गया है।
ऑनर रोबोट फोन का डिजाइन आम स्मार्टफोन्स से बिल्कुल अलग है, जो इसे सबसे खास बनाता है। फोन के ऊपरी हिस्से में एक रोबोटिक गिंबल कैमरा लगा है, जो खुद-ब-खुद घूमकर वीडियो शूट कर सकता है। कंपनी का दावा है कि इससे यूजर्स को प्रोफेशनल कैमरों जैसी स्टेबिलिटी और स्मूथ वीडियो का अनुभव मिलेगा।
इस फोन में 3-एक्सिस मैकेनिकल गिंबल स्टेबलाइजेशन सिस्टम के साथ-साथ AI पर आधारित स्टेबलाइजेशन इंजन भी दिया गया है। यह टेक्नोलॉजी यूजर की हरकतों को रियल टाइम में पहचानकर कैमरे को उसी हिसाब से एडजस्ट करने में मदद करेगी। इसका AI सब्जेक्ट ट्रैकिंग फीचर किसी व्यक्ति या चीज की मूवमेंट का पहले से अंदाजा लगाकर कैमरे को अपने आप घुमा सकता है।
इसके अलावा, फोन में 'स्पिनशॉट' नाम का एक खास मोड भी मिलेगा। इसकी मदद से कैमरे को 90 डिग्री या 180 डिग्री पर घुमाकर सिर्फ एक हाथ से क्रिएटिव वीडियो शॉट्स लिए जा सकेंगे। माना जा रहा है कि यह टेक्नोलॉजी मोबाइल सिनेमैटोग्राफी को एक नई दिशा देगी। ऑनर ने इस फोन के लिए जर्मनी की मशहूर सिनेमा कैमरा बनाने वाली कंपनी ARRI के साथ भी साझेदारी की है। इससे यह साफ है कि यह एक प्रीमियम डिवाइस होगा, जो खासतौर पर फिल्ममेकर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि 2026 में लॉन्च होने पर ऑनर का यह नया रोबोट फोन सैमसंग के गैलेक्सी Z फोल्ड 8, गैलेक्सी Z फ्लिप 8, गूगल की पिक्सल 11 सीरीज और लॉन्च की तैयारी में जुटे ऐपल के फोल्डेबल आईफोन को कड़ी टक्कर देगा।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।