
GYM Membership Transfer Process: किसी दिन शीशे के सामने खड़े होकर अचानक फिट होने और बॉडी बनाने का मोटिवेशन आ गया। आपने बिना सोचे-समझे, भारी-भरकम डिस्काउंट देखकर Cult.fit या पास के किसी आलीशान जिम की सालभर की मेंबरशिप ले ली। शुरुआती 4 दिन तो आप पूरे टशन में जिम गए, नए जूते पहने और इंस्टाग्राम पर 'Sweat it out' वाली स्टोरी भी डाली। लेकिन अब? सुबह अलार्म बजता है तो जिम जाने के बजाय सोफे पर करवट बदलने में ज्यादा मजा आता है। जिससे हजारों रुपए की मेंबरशिप ऐप में पड़े-पड़े दम तोड़ रही है और आपको हर दिन गिल्ट यानी पछतावा हो रहा है कि यार, पैसे तो बर्बाद हो गए। अगर आपकी भी यही कहानी है, तो टेंशन मत लीजिए। आज हम आपको एक ऐसा 'मनी-सेवर हैक' बताने वाले हैं, जिससे आपके ये पैसे वापस आ सकते हैं। आप अपनी बची हुई जिम वैलिडिटी को ऑनलाइन बेच या ट्रांसफर कर सकते हैं। चलिए जानते हैं कैसे...
1. सोशल मीडिया और 'कल्ट कम्युनिटी' का जुगाड़
इंटरनेट पर ऐसे हजारों लोग हैं जो कम दिनों की मेंबरशिप ढूंढते हैं ताकि उन्हें पूरा पैसा न देना पड़े। फेसबुक पर 'Cult.fit Membership Transfer' या 'Gym Passes India' जैसे कई ग्रुप्स बने हुए हैं। वहां एक सिंपल पोस्ट डालिए। 'मेरे पास Cult.fit की 5 महीने की मेंबरशिप बची है। ओरिजिनल कीमत ₹8,000 है, लेकिन मैं इसे ₹4,500 में बेचने को तैयार हूं। जो भी इंटरेस्टेड हो, DM (डायरेक्ट मैसेज) करें।' X (ट्विटर) पर Cult.fit को टैग करके भी आप अपनी बची हुई वैलिडिटी का खरीदार ढूंढ सकते हैं।
2. रीसेल वेबसाइट्स और क्लासिफाइड ऐप्स
लोग सिर्फ पुरानी गाड़ियां या फोन ही नहीं खरीदते, बल्कि जिम मेंबरशिप भी खोजते हैं। OLX या Quikr ऐप पर जाकर 'Services' या 'Health & Fitness' कैटेगरी में एक बढ़िया सा विज्ञापन (Ad) डालें। अपने जिम या कल्ट ऐप के प्रोफाइल पेज का स्क्रीनशॉट (जिसमें बची हुई वैलिडिटी साफ दिख रही हो) फोटो के तौर पर लगाएं। इससे खरीदार को आप पर भरोसा हो जाएगा।
3. फ्रेंड्स या कलीग्स को ऑफर करें
कई बार ऑफिस में या दोस्तों के ग्रुप में कोई न कोई ऐसा होता है जो जिम जॉइन करने की सोच रहा होता है। ऐसे में अपने ऑफिस के अनऑफिशियल वॉट्सऐप ग्रुप या दोस्तों के चैट पर एक मैसेज डाल दें। उन्हें बताएं कि नए पास से बहुत सस्ते दाम में उन्हें आपकी बची हुई मेंबरशिप मिल जाएगी। यह 'विन-विन' सिचुएशन है यानी उनका भी फायदा और आपका भी। हालांकि, जोश में आकर किसी को भी अपनी आईडी पासवर्ड देने से पहले कुछ चीजें जरूर चेक कर लें।
जिम या कल्ट की ऑफिशियल पॉलिसी
Cult.fit ऐप में एक ऑफिशियल 'Transfer' का ऑप्शन मिलता है, जहां आप कुछ नियम और शर्तों के साथ अपनी मेंबरशिप अपने किसी दोस्त के नाम पर ट्रांसफर कर सकते हैं। लोकल जिम वाले अक्सर ₹500 से ₹1000 की 'ट्रांसफर फीस' लेते हैं। डील पक्की करने से पहले जिम के मैनेजर से बात जरूर कर लें।
फ्रॉड से बचें
जब तक सामने वाला व्यक्ति आपको पैसे न दे दे, तब तक अपने ऐप का लॉगिन क्रेडेंशियल (ID/Password) या ओटीपी (OTP) उसके साथ शेयर न करें। कोशिश करें कि पेमेंट एडवांस में या आमने-सामने मिलकर लें।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ यूटिलिटी और सामान्य जागरूकता (General Awareness) के उद्देश्य से शेयर की गई है। किसी भी जिम या Cult.fit की मेंबरशिप को ट्रांसफर करने या बेचने से पहले, उस संबंधित कंपनी या जिम के आधिकारिक नियम और शर्तों (Terms and Conditions) और उनकी ट्रांसफर पॉलिसी को ध्यान से जरूर पढ़ लें। अलग-अलग जिम और फिटनेस सेंटर्स की पॉलिसीज अलग हो सकती हैं। किसी भी थर्ड-पार्टी या ऑनलाइन व्यक्ति के साथ लेनदेन (Payment) करते समय पूरी सावधानी बरतें और फ्रॉड से बचें। किसी भी प्रकार के वित्तीय नुकसान या विवाद के लिए यह प्लेटफॉर्म जिम्मेदार नहीं होगा।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।