
iPhone Price Increase News: अगर आप कुछ दिनों से iPhone 17 खरीदने का प्लान बना रहे हैं या आने वाले समय में लेने की सोच रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए जरूरी है। पिछले कुछ घंटों में सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से फैल रही है कि आईफोन 17 सीरीज की कीमतें भारत में ₹50,000 तक बढ़ सकती हैं। अब सवाल यह है कि क्या यह खबर सच है या सिर्फ एक अफवाह? क्या वाकई ऐपल अपने नए मॉडल्स के दाम इतने ज्यादा बढ़ाने वाला है और अगर हां, तो यह झटका कब से लगने वाला है? आइए जानते हैं इसका सच...
अभी तक यह पूरी तरह कंफर्म नहीं है। यह खबर एक टिपस्टर के सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुई है, जिसने आईफोन 17 सीरीज की कथित नई कीमतों की लिस्ट शेयर की। Apple की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। तो फिलहाल इसे लीक या अंदाजा ही समझें, कंफर्म खबर नहीं। लेकिन इस अफवाह को इतनी तेजी से क्यों फैल रही है, इसकी एक वजह है, ऐपल ने पिछले हफ्ते भारत में अपने कुछ MacBook, iPad और HomePod मॉडल की कीमतें पहले से ही 15-25% तक बढ़ा दी हैं। तो लोगों को लग रहा है कि आईफोन बारी भी आ सकती है।
अगर ये लीक सही साबित होती है, तो सबसे ज्यादा झटका प्रो और प्रो मैक्स खरीदने वालों को लग सकता है, जिनकी कीमत में 23% से 33% तक का उछाल आ सकता है। बाकी मॉडल्स में बढ़ोतरी 12-15% के आसपास रह सकती है। आईफोन 17 ₹82,990 की बजाय ₹94,900 में मिलने लगेगा। iPhone 17e ₹64,900 से बढ़कर ₹74,900 तक पहुंच सकता है। आईफोन एयर की कीमत ₹1,19,900 से ₹1,34,900, आईफोन 17 प्रो ₹1,34,900 से ₹1,54,900-₹1,69,900 तक और आईफोन 17 प्रो मैक्स ₹1,49,900 से बढ़कर ₹1,84,900-₹1,99,900 लाख तक पहुंच सकती है।
लीक की गई लिस्ट के मुताबिक, आईफोन 17 प्रो मैक्स पर सबसे बड़ा असर पड़ सकता है। इसकी कीमत ₹1,49,900 से सीधा ₹1,99,900 तक जा सकती है, यानी करीब ₹50,000 का फर्क आ सकता है। इसकी एक वजह यह भी है कि Pro और Pro Max मॉडल्स में ज्यादा प्रीमियम कैमरा और चिप हार्डवेयर इस्तेमाल होता है, जिस पर मेमोरी चिप की कमी का असर सबसे ज्यादा पड़ता है। इसलिए अगर आप प्रो मैक्स खरीदने का सोच रहे हैं, तो आपको इस खबर पर सबसे ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि यह बढ़ोतरी 'आज से' भी शुरू हो सकती है, लेकिन इसका कोई पक्का सबूत नहीं है। दूसरी तरफ, एक बात ध्यान देने वाली है, ऐपल का सामान्य तरीका यह होता है कि वह किसी मॉडल की कीमत सिर्फ नए लॉन्च के वक्त तय करता है और फिर उसे बीच में नहीं बदलता। मतलब अगर इतिहास देखें, तो आईफोन 17 जैसे चालू मॉडल की कीमत अचानक बीच में बढ़ना, ऐपल के सामान्य पैटर्न से अलग होगा। इसलिए एक्सपर्ट्स भी इन एग्जैक्ट नंबर्स को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। हो सकता है आगे कीमतें बढ़ें, लेकिन ठीक इतनी ही और ठीक अभी, यह कहना जल्दबाजी होगी।
इसके पीछे एक बड़ी वजह दुनिया भर में मेमोरी चिप की कमी है। AI कंपनियों की भारी डिमांड की वजह से वही मेमोरी चिप्स, जो स्मार्टफोन और गेमिंग डिवाइस में लगते हैं, अब महंगे और कम मिल रहे हैं। यही वजह है कि ऐपल ने पहले से ही MacBook, iPad और HomePod की कीमतें बढ़ा दी हैं। अगर यही दबाव iPhone पर भी पड़ता है, तो आगे चलकर कीमत बढ़ना असंभव नहीं है।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।