
रिलायंस जियो ने अपनी JioHome सर्विस को और बड़ा कर दिया है। कंपनी ने नए 3-इन-1 प्लान के साथ-साथ अलग से Wi-Fi और TV पैक भी बाजार में उतारे हैं। ग्राहक अब अपनी जरूरत के हिसाब से इन सेवाओं को एक साथ या अलग-अलग ले सकते हैं। 3-इन-1 प्लान में आपको एक ही सब्सक्रिप्शन के अंदर अनलिमिटेड Wi-Fi, 1000 से ज्यादा लाइव टीवी चैनल और 12 से अधिक OTT ऐप्स का एक्सेस मिलता है। जियो ने बताया है कि यह सर्विस JioFiber और JioAirFiber दोनों पर काम करेगी।
100 Mbps वाले प्लान के लिए आपको दो महीने के लिए ₹2,122 देने होंगे। इसमें तीसरा महीना बिल्कुल फ्री मिलेगा। यानी हर महीने का खर्च औसतन ₹707 आएगा। वहीं, 30 Mbps वाले प्लान के लिए तीन महीने का चार्ज ₹2,222 है। इसमें एक महीना फ्री मिलता है, जिससे महीने का औसत खर्च ₹555 हो जाता है।
30 Mbps वाले प्लान में ग्राहकों को 100 GB एक्स्ट्रा डेटा भी मिलता है, जिसे 90 दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है। दोनों ही प्लान में फ्री वॉयस कॉलिंग की सुविधा शामिल है। अगर आप लंबे समय का प्लान लेते हैं, तो 7 दिन की एक्स्ट्रा सर्विस भी मिलेगी। जियो के मुताबिक, यह फायदा उन मौजूदा ग्राहकों को मिलेगा जो अपना प्लान बदलते हैं, 3, 6 या 12 महीने का एडवांस पेमेंट करते हैं, या फिर प्रीपेड से पोस्टपेड में शिफ्ट होते हैं।
अगर आपको Wi-Fi या OTT नहीं चाहिए और सिर्फ JioHome TV देखना है, तो आप इसे अलग से भी ले सकते हैं। ₹2,000 वाले पैक की वैलिडिटी 5 महीने की है, जिसका मतलब है कि महीने का खर्च करीब ₹400 आएगा। इसमें आपको 1,000 से ज्यादा टीवी चैनल मिलेंगे। खास बात यह है कि इनमें 15 से ज्यादा क्षेत्रीय भाषाओं के 200 से अधिक HD चैनल भी शामिल हैं।
दो महीने वाले पैक के लिए ₹1000 का रिचार्ज कराना होगा। इसके लिए ₹200 का सेटअप चार्ज लगता है, जिसे जियो ₹50 के चार कूपन के रूप में वापस कर देता है।
100 Mbps वाले Wi-Fi पैक के लिए 5 महीने का चार्ज ₹3,000 है (यानी ₹600 महीना)। 30 Mbps वाले पैक के लिए 5 महीने के ₹2,200 देने होंगे (यानी ₹440 महीना)। अगर आप दो महीने का पैक लेते हैं, तो इनकी कीमत क्रमशः ₹1,500 और ₹1,100 है। इन पर ₹300 और ₹200 का सेटअप चार्ज लगता है, जो ₹50 के वाउचर के रूप में रिफंड हो जाता है।
जियो ने साफ किया है कि सभी अनलिमिटेड फाइबर प्लान पर 3,300 GB की फेयर यूसेज पॉलिसी (FUP) लागू होती है। वहीं, AirFiber यूजर्स को अधिकतम 1000 GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है। यह लिमिट खत्म होने के बाद इंटरनेट की स्पीड घटकर 64 Kbps रह जाती है। जियो का दावा है कि उसकी JioHome सर्विस अब तक देशभर के 2 करोड़ से ज्यादा घरों तक पहुंच चुकी है।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।