
Microsoft Outage Update: दुनियाभर के करोड़ों माइक्रोसॉफ्ट यूजर्स के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। गुरुवार रात से ठप पड़ी माइक्रोसॉफ्ट की सर्विसेज जैसे Outlook, Microsoft Teams और Microsoft 365, अब धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी हैं। करीब 12 घंटे से ज्यादा समय तक चले ग्लोबल आउटेज के बाद शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट ने ताजा अपडेट जारी कर बताया है कि सर्वर को ठीक करने का उनका नया फॉर्मूला काम करने लगा है और अब 'पॉजिटिव रिजल्ट' दिख रहे हैं। हालांकि, अगर अभी भी सबकुछ पहले जैसा नॉर्मल नहीं हुआ है। कंपनी ने साफ किया है कि सर्विस पूरी तरह ठीक होने में अभी और वक्त लगेगा, यानी यूजर्स की टेंशन अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
गुरुवार रात भारतीय समयानुसार करीब 11:30 बजे शुरू हुए इस आउटेज ने दुनियाभर में कामकाज की रफ्तार रोक दी। दुनिया में करीब 43 करोड़ लोग Office 365 का इस्तेमाल करते हैं। अकेले अमेरिका में पीक टाइम पर 1.30 लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं।
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने सर्विस हेल्थ पेज पर बताया है कि उन्होंने सर्वर कनेक्शन से जुड़ी दिक्कत को दूर करने के लिए एक नया तकनीकी 'पैच' (Upstream authentication/routing patch) लागू किया है। आसान भाषा में कहें तो इससे यूजर्स का अकाउंट माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर से जुड़ना शुरू हो गया है। लेकिन कंपनी के सामने सबसे बड़ा चैलेंज ये है कि जैसे-जैसे दुनियाभर के करोड़ों यूजर्स एक साथ लॉगिन करेंगे, क्या ये सर्वर उतना भारी ट्रैफिक संभाल पाएंगे? कंपनी ने माना है कि सिस्टम की सेहत अभी 'अस्थिर' (Variable) है और ट्रैफिक को बेहद सावधानी से धीरे-धीरे खोला जा रहा है। इसके अलावा, कंपनी ने अभी तक कोई फिक्स टाइमलाइन नहीं दी है कि सर्विस 100% कब तक बहाल होगी।
इस आउटेज की वजह से सबसे ज्यादा डर इस बात का था कि जिन लोगों ने जीमेल (Gmail) या किसी दूसरे प्लेटफॉर्म से आउटलुक (Outlook) पर जरूरी ईमेल भेजे हैं, वे कहीं गायब न हो जाएं। इस पर माइक्रोसॉफ्ट ने बड़ा फैसला लेते हुए 'ईमेल टाइमआउट विंडो' को बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया है। इसका फायदा ये होगा कि आउटलुक सर्वर अगले 48 घंटे तक आपके पेंडिंग ईमेल्स का इंतजार करेगा और जैसे ही सिस्टम पूरी तरह ठीक होगा, आपके सारे अटके हुए मेल सुरक्षित इनबॉक्स में पहुंच जाएंगे।
हेल्थ और एम्बुलेंस सर्विस पर संकट
ब्रिटेन की NHS (नेशनल हेल्थ सर्विस) और एम्बुलेंस ट्रस्ट में मरीजों का डेटा ट्रांसफर रुकने से भारी बैकलॉग लग गया। डॉक्टरों और फार्मेसी के बीच संपर्क टूटने से मरीजों को दवाइयों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
संसद और पुलिस का कामकाज प्रभावित
ब्रिटिश संसद के नेटवर्क पर सांसदों के ईमेल बंद हो गए, जिसके बाद वैकल्पिक इंतजाम करने पड़े। वहीं, लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस समेत कई पुलिस विभागों ने लोगों से ऑनलाइन फॉर्म की जगह फोन (101 या 999) करने की अपील की।
स्कूल और दफ्तरों में अफरातफरी
कई स्कूलों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अभिभावकों से ईमेल के बजाय फोन पर बच्चों की छुट्टी की सूचना देने को कहा। दफ्तरों में काम रुकने से कई कर्मचारी परेशान दिखे, तो कुछ मजाक में पूछते नजर आए कि क्या आज जल्दी घर जाने को मिलेगा?
इस तकनीकी खराबी के बीच स्कैमर्स भी सक्रिय हो गए हैं। ब्रिटेन के वेस्ट यॉर्कशायर से एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को खुद को माइक्रोसॉफ्ट का कर्मचारी बताने वाली महिला का फोन आया और काम शुरू करने के नाम पर लॉगिन डिटेल्स मांगी गईं। ऐसे में अगर आपके पास भी किसी अनजान नंबर से माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट ठीक करने के नाम पर कॉल या मैसेज आए, तो अपना पासवर्ड या ओटीपी (OTP) बिल्कुल शेयर न करें।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।