
नई दिल्ली। वीडियो स्ट्रीमिंग कंपनी नेटफ्लिक्स ने मंगलवार को कहा कि वह भारत में सेवा की गुणवत्ता बनाए रखते हुए दूरसंचार नेटवर्क पर ट्रैफिक को 25 प्रतिशत तक कम करेगा। कोरोना वायरस महामारी के बीच नेटवर्क पर उपयोगकर्ताओं की बढ़ी भीड़ के मद्देनजर ऐसा किया जा रहा है।
अमेजन प्राइम वीडियो जैसी कंपनियां भी दूरसंचार नेटवर्क के बुनियादी ढांचे पर दबाव को कम करने के लिए अस्थायी रूप से बिट दर कम कर रही हैं। बिट दर के आधार पर पता चलता है कि कितना डेटा स्थानांतरित किया जा रहा है।
कई गुना बढ़ गया कंजप्शन
कोरोना वायरस महामारी के चलते देश भर में बंदी है और इसके चलते डिजिटल सामग्री का उपभोग कई गुना बढ़ गया है क्योंकि लोग घर के अंदर रहने के लिए मजबूर हैं।
संकट में क्वालिटी बनाए रखने की कवायद
नेटफ्लिक्स के उपाध्यक्ष (कंटेंट डिलीवरी) केन फ्लोरेंस ने एक ईमेल बयान में कहा, ‘‘संकट को देखते हुए हमने अपनी सेवा की गुणवत्ता बनाए रखते हुए दूरसंचार नेटवर्क पर नेटफ्लिक्स के ट्रैफिक को 25 प्रतिशत कम करने का एक तरीका विकसित किया है। इसलिए उपभोक्ताओं को उनके प्लान के साथ आने वाली गुणवत्ता मिलती रहेगी।’’
उन्होंने कहा कि इससे भीड़भाड़ वाले नेटवर्क को काफी राहत मिलेगी और भारत में अगले 30 दिनों तक इस उपाय को लागू किया जाएगा।
(ये खबर न्यूज एजेंसी पीटीआई/भाषा की है। हिन्दी एशियानेट न्यूज ने सिर्फ हेडिंग में बदलाव किया है।)
टेक समाचार: In depth coverage of tech news (टेक न्यूज़) in Hindi covering tech gadget launches, price & specification & LIVE updates at Asianet News