
नई दिल्ली: OnePlus अपने Nord सीरीज को और बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी जल्द ही भारतीय स्मार्टफोन बाजार में एक नया मॉडल, OnePlus Nord CE 6 Lite, लॉन्च कर सकती है। इस फोन के बारे में जानकारी एक गीकबेंच लिस्टिंग से सामने आई है, जिससे इसके जल्द लॉन्च होने के संकेत मिल रहे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो इसे अगले महीने ही आधिकारिक तौर पर पेश किया जा सकता है।
गीकबेंच लिस्टिंग में यह डिवाइस “CPH2943” मॉडल नंबर के साथ देखा गया है। जाने-माने टिप्स्टर अभिषेक यादव के मुताबिक, भारत में यह फोन OnePlus Nord CE 6 Lite के नाम से आएगा। ऐसी भी संभावना है कि इसके साथ OnePlus Nord CE 6 मॉडल भी लॉन्च हो। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फोन MediaTek Dimensity 7400 प्रोसेसर पर चलेगा। यह एक ऑक्टा-कोर चिप है, जिसमें 2.60GHz स्पीड वाले चार कोर और 2.00GHz स्पीड वाले चार कोर हैं। ग्राफिक्स के लिए इसमें Mali-G615 MC2 GPU होगा। उम्मीद है कि यह फोन 8GB रैम और Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ आएगा।
गीकबेंच टेस्ट में OnePlus Nord CE 6 Lite का परफॉर्मेंस काफी अच्छा रहा। इसने सिंगल-कोर टेस्ट में 1,068 और मल्टी-कोर टेस्ट में 2,953 पॉइंट हासिल किए। माना जा रहा है कि यह मिड-रेंज सेगमेंट में एक दमदार परफॉर्मेंस देगा। फोन के डिस्प्ले और बैटरी से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इसमें 6.7 इंच की LCD स्क्रीन होगी, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगी। साथ ही, फोन में 7,000 mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है। कैमरे की बात करें तो इसमें 50MP का डुअल रियर कैमरा सेटअप और 16MP का फ्रंट कैमरा मिलने की उम्मीद है।
कीमत के बारे में भी दिलचस्प जानकारी सामने आ रही है। भारत में OnePlus Nord CE 6 Lite की शुरुआती कीमत करीब 23,000 रुपये हो सकती है। ऑफर्स के साथ इसकी कीमत 20,000 रुपये से भी कम होने की संभावना है। दो साल के गैप के बाद Nord CE Lite सीरीज की वापसी बाजार में काफी हलचल मचा सकती है। उम्मीद है कि कंपनी जल्द ही इस बारे में और आधिकारिक जानकारी देगी।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।