47°C की भीषण गर्मी: जेब में रखा स्मार्टफोन न बन जाए बम, तुरंत बदलें ये 3 आदतें

Published : May 26, 2026, 03:13 PM IST
Smartphone Overheating

सार

Smartphone Safety in Summer: 45°C-47°C तापमान में आपकी जेब में रखा स्मार्टफोन कैसे बड़े हादसे की वजह बन सकता है? क्यों इस भीषण गर्मी में बाइक चलाते समय जेब में फोन रखना या कार के डैशबोर्ड पर छोड़ना खतरनाक हो रहा है? मोबाइल ओवरहीटिंग, बैटरी ब्लास्ट और स्क्रीन डैमेज के इस बड़े खतरे से अपने कीमती फोन को सेफ रखने के लिए क्या करना चाहिए और क्या नहीं? 

Smartphone Overheating Prevention Tips: देशभर में सूरज आग उगल रहा है। दिल्ली-यूपी से लेकर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्यप्रदेश तक भीषण गर्मी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश के बांदा का पारा तो 47°C के पार चला गया है। इतनी भयंकर गर्मी में जहां इंसानों का बुरा हाल है, वहीं आपकी जेब में चौबीसों घंटे रहने वाला स्मार्टफोन भी ओवरहीट हो रहा है। जब बाहर का तापमान 45-47 डिग्री छू रहा हो, तो फोन की बैटरी अंदर ही अंदर उबलने लगती है। जरा सी लापरवाही से फोन ओवरहीट होकर ब्लास्ट हो सकता है या हमेशा के लिए डेड हो सकता है। अगर आप इस गर्मी में अपने फोन को सेफ रखना चाहते हैं, तो तुरंत अपनी ये 3 आदतें बदल लीजिए।

1. बाइक चलाते समय जींस या टाइट जेब में फोन रखना

इस मौसम में जब आप धूप में बाइक या स्कूटी चलाते हैं, तो सीधे आपके शरीर पर लू और गर्म हवा का थपेड़ा लगता है। जींस या कोई भी टाइट कपड़ा हवा को अंदर-बाहर नहीं जाने देता। जब आप 45-47 डिग्री की धूप में राइड करते हैं, तो आपकी बॉडी हीट और बाहर की भयंकर गर्मी मिलकर आपकी जेब को ओवन जैसा गर्म बना देती है। ऊपर से अगर फोन का डेटा ऑन है, तो बैटरी का तापमान खतरनाक स्तर पर पहुंच जाता है। ऐसे में बाइक चलाते समय फोन को पैंट की जेब में रखने के बजाय अपने बैग में रखें या किसी ऐसी जगह रखें जहाँ सीधी धूप और शरीर की गर्मी उस पर न पड़े।

2. कार के डैशबोर्ड या सीधी धूप वाले शीशे के पास मोबाइल छोड़ना

कई बार हम कार पार्क करते समय या ड्राइव करते समय फोन को कार के डैशबोर्ड पर या मोबाइल होल्डर में लगा छोड़ देते हैं, जहां से सीधी धूप स्क्रीन पर पड़ती है। धूप में खड़ी कार के अंदर का तापमान बाहर के मुकाबले डबल हो जाता है। बंद कार के अंदर डैशबोर्ड पर रखे फोन की बैटरी कुछ ही मिनटों में इतनी गर्म हो सकती है कि वह फूल जाए या उसमें शॉर्ट सर्किट हो जाए। इसलिए कार के अंदर कभी भी फोन को ऐसी जगह न रखें जहां सीधी धूप आ रही हो। फोन को हमेशा सीट के नीचे, ग्लोव बॉक्स (Glove Box) में या छांव वाली जगह पर ही रखें।

3. फोन गर्म होने पर भी गेमिंग, रील्स देखना या चार्जिंग जारी रखना

गर्मी के दिनों में फोन का थोड़ा बहुत गर्म होना नॉर्मल है, लेकिन जब फोन हाथ में पकड़ने पर बहुत ज्यादा तपने लगे, तब भी उसे इस्तेमाल करते रहना सबसे बड़ी बेवकूफी है। भारी गर्मी के बीच अगर आप फोन चार्जिंग पर लगाकर गेम खेल रहे हैं, वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं या लगातार रील्स स्क्रॉल कर रहे हैं, तो फोन का प्रोसेसर और बैटरी दोनों एक साथ हीट जेनरेट करते हैं। इससे फोन अचानक हैंग हो सकता है, स्क्रीन की डिस्प्ले उड़ सकती है या बैटरी फट सकती है। इसलिए जैसे ही आपको लगे कि फोन सामान्य से ज्यादा गर्म हो गया है, तुरंत उसका कवर (Case) हटा दें। इंटरनेट, ब्लूटूथ और जीपीएस बंद करें और फोन को कुछ देर के लिए किसी ठंडी जगह (जैसे पंखे के नीचे) रख दें। भूलकर भी गर्म फोन को ठंडा करने के लिए फ्रिज में न डालें, इससे फोन अंदर से हमेशा के लिए खराब हो जाएगा।

 

PREV

नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

बिना AC-कूलर तप रहा है हॉस्टल-PG का कमरा? जानें ठंडा रखने के 5 देसी जुगाड़
AC पर दिख रहा है E1 या E2 Error? आपका AC खुद बता रहा है अपनी बीमारी, समझिए समस्या