
स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी टेक्नो ने भारत में अपनी नई पोवा सीरीज का स्मार्टफोन ‘पोवा 8’ लॉन्च कर दिया है। यह फोन पिछले साल आए पोवा 7 का अपग्रेडेड मॉडल है। फोन की सबसे बड़ी खासियतें इसकी 8,000mAh की तगड़ी बैटरी, 144Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले और मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7100 प्रोसेसर हैं।
भारत में पोवा 8 के 6 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 29,999 रुपये है, जबकि 8 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट 31,999 रुपये में मिलेगा। यह फोन 16 बिट व्हाइट, प्लाज्मा ऑरेंज और टर्मिनल ग्रीन, इन तीन रंगों में उपलब्ध होगा। इसकी बिक्री फ्लिपकार्ट के जरिए होगी। फोन एंड्रॉयड 16 पर आधारित हाईओएस 16 ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है। इसमें 6.76 इंच का फुल एचडी+ आईपीएस डिस्प्ले है। कंपनी का दावा है कि 144Hz रिफ्रेश रेट, 950 निट्स तक की ब्राइटनेस और 1500Hz इंस्टेंट टच सैंपलिंग रेट गेमिंग जैसे कामों के लिए शानदार अनुभव देगा।
परफॉर्मेंस के लिए इसमें 6 नैनोमीटर टेक्नोलॉजी पर बना मीडियाटेक डाइमेंसिटी 7100 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है। फोन में माली-G610 MC2 जीपीयू, LPDDR5X रैम और UFS 2.2 स्टोरेज भी है। गेमिंग के दौरान फोन गर्म न हो, इसके लिए 14,689 स्क्वायर मिलीमीटर का कूलिंग सिस्टम भी दिया गया है।
कैमरे की बात करें तो इसके पिछले हिस्से में 50 मेगापिक्सल का सोनी LYT-600 प्राइमरी सेंसर है। वहीं, सेल्फी के लिए 13 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कैमरे में एआई कैम, पोर्ट्रेट मोड, सुपर नाइट मोड, टाइम-लैप्स, डुअल वीडियो, व्लॉग मोड और स्लो मोशन जैसे फीचर्स मिलते हैं। फोन को धूल और पानी की बूंदों से बचाने के लिए IP64 रेटिंग मिली है। साथ ही, इसे मिलिट्री-ग्रेड मजबूती के लिए MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन भी मिला है। फोन के पिछले हिस्से पर एक ‘अलाइव मैट्रिक्स डिस्प्ले’ भी है, जो अलग-अलग ऐप्स से आने वाले नोटिफिकेशन्स दिखाता है।
पोवा 8 की एक और बड़ी खासियत इसकी 8,000mAh की बैटरी है। यह 45W फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करती है। टेक्नो का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर यह फोन लंबे समय तक चलेगा। अपनी बड़ी बैटरी, हाई रिफ्रेश रेट वाले डिस्प्ले और दमदार प्रोसेसर के साथ, पोवा 8 उन यूजर्स को टारगेट करता है जो गेमिंग के शौकीन हैं और जिन्हें एक लंबी बैटरी बैकअप वाला फोन चाहिए।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।