Telegram में जुड़ गए 5 बड़े फीचर्स, नए मेंबर्स से लेकर Gifts तक अब मिलेगा ये खास एक्सपीरियंस

Published : Aug 27, 2026, 10:42 AM IST
telegram update

सार

टेलीग्राम ने 13वीं सालगिरह पर नया अपडेट दिया है। इसमें नए सदस्यों के लिए वेलकम मैसेज, इंटरैक्टिव बटन और टेक्स्ट के साथ फाइलें भेजने की सुविधा है। ये फीचर्स ग्रुप्स और चैनल्स को अधिक इंटरैक्टिव बनाते हैं।

टेलीग्राम अपनी 13वीं सालगिरह मना रहा है और इस मौके पर उसने एक ज़बरदस्त अपडेट जारी किया है। इस बार ग्रुप्स, चैनल्स, मैसेज और गिफ्ट्स से जुड़े कई नए फीचर्स पेश किए गए हैं। इनमें सबसे खास हैं - नए मेंबर्स के लिए खास वेलकम मैसेज, मैसेज में जुड़ने वाले इंटरैक्टिव बटन, और टेक्स्ट के साथ ही फाइलें और म्यूजिक भेजने की सुविधा।

नए मेंबर्स के लिए खास वेलकम मैसेज

अब ग्रुप और चैनल के ओनर्स नए जुड़ने वाले मेंबर्स के लिए एक खास वेलकम मैसेज सेट कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि ये मैसेज सिर्फ नए मेंबर को ही दिखेंगे, ग्रुप या चैनल के पुराने मेंबर्स को नहीं। इससे मेन चैट डिस्टर्ब हुए बिना नए लोगों को ज़रूरी जानकारी दी जा सकती है। आप चाहें तो एक से ज़्यादा मैसेज, फोटो और दूसरी मीडिया फाइल्स वाला एक पूरा 'वेलकम पैकेज' भी बना सकते हैं। इसमें रिच फ़ॉर्मेटिंग, टेबल और इनलाइन मीडिया जैसे ऑप्शन भी इस्तेमाल किए जा सकेंगे। यह सब करने के लिए किसी खास बॉट की ज़रूरत नहीं होगी, ग्रुप या चैनल की प्रोफाइल से ही वेलकम मैसेज तैयार किया जा सकेगा।

मैसेज में इंटरैक्टिव बटन

डेवलपर्स अब टेलीग्राम मैसेज में सीधे इंटरैक्टिव बटन जोड़ सकते हैं। ग्रुप्स और चैनल्स में एक साथ कई बटन लगाए जा सकते हैं और उन्हें टेम्पररी मैसेज से भी जोड़ा जा सकता है। इस फीचर का इस्तेमाल सर्वे, गेम, क्विज़, राशिफल, प्रोडक्ट्स की जानकारी या ऑर्डर देने जैसे कई कामों के लिए हो सकता है। यहां तक कि एक ही ग्रुप में अलग-अलग यूज़र्स के लिए अलग-अलग गेम एक्सपीरियंस भी तैयार किया जा सकता है। हालांकि, इस तरह के इंटरैक्टिव सिस्टम बनाने के लिए कोडिंग की जानकारी होना ज़रूरी है।

टेक्स्ट के साथ फाइलें और म्यूजिक

टेलीग्राम के रिच टेक्स्ट एडिटर में भी बदलाव किया गया है। अब आप एक ही मैसेज में टेक्स्ट के साथ-साथ डॉक्यूमेंट, फाइलें और म्यूजिक भी अटैच कर सकते हैं। जब आप तीन लाइनों से ज़्यादा टाइप करेंगे, तो आपको एक्सटेंडेड एडिटर का ऑप्शन मिलेगा। इससे टेक्स्ट के साथ ज़रूरी फाइलें भेजने के लिए अलग-अलग मैसेज भेजने का झंझट खत्म हो जाएगा।

पुराने वर्ज़न के लिए अपडेट का सुझाव

टेलीग्राम ने एक और काम की चीज़ जोड़ी है। अगर कोई यूज़र ऐप का पुराना वर्ज़न इस्तेमाल कर रहा है, जिसमें नए फीचर्स नहीं दिख सकते, तो उसे एक खास प्लेसहोल्डर दिखेगा। यह नोटिफिकेशन यूज़र्स को याद दिलाएगा कि नए फीचर्स इस्तेमाल करने के लिए ऐप का लेटेस्ट वर्ज़न डाउनलोड करें। टेलीग्राम ने एंड्रॉयड और iOS यूज़र्स को ऑटोमैटिक अपडेट ऑन रखने की सलाह दी है, ताकि नए फीचर्स आते ही ऐप अपने आप अपडेट हो जाए।

गिफ्ट्स के लिए भी नया फीचर

अब यूज़र्स टेलीग्राम मार्केटप्लेस से खरीदे गए कलेक्टिबल गिफ्ट्स भेजते समय अपना सिग्नेचर और कमेंट भी जोड़ सकेंगे। ये गिफ्ट्स टेलीग्राम स्टार्स का इस्तेमाल करके खरीदे जा सकते हैं। इनमें कुछ खास और अपग्रेड किए गए कलेक्टिबल गिफ्ट्स भी शामिल हैं। इस नए अपडेट के ज़रिए टेलीग्राम का मकसद ग्रुप्स और चैनल्स को ज़्यादा इंटरैक्टिव बनाने के साथ-साथ मैसेजिंग एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाना है।

PREV

नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

7,000mAh Battery वाला Oppo का नया फोन लॉन्च, ₹15,999 में खरीदने का मौका
Flipkart Big Billion Days 2026: डेट और बैंक ऑफर कन्फर्म, इस बार क्या होगा सबसे बड़ा सरप्राइज?