Telegram App: अपराधियों की पहली पसंद क्यों बना टेलीग्राम? ये 5 फीचर हैं सबसे बड़ी वजह

Published : Jun 16, 2026, 01:48 PM IST
Telegram

सार

Why Telegram Became Controversial: टेलीग्राम को भारत में क्यों बंद कर दिया गया? टेलीग्राम पेपर माफियाओं या साइबर क्रिमिनल्स की पहली पसंद क्यों बन गया है? टेलीग्राम का 'सीक्रेट चैट' फीचर सुरक्षा एजेंसियों के लिए सिरदर्द क्यों है? क्या टेलीग्राम पर ऑटोमेटिक ठगी की जा सकती है?

Telegram 5 Secret Features: 21 जून 2026 को होने वाले NEET UG री-एग्जाम से ठीक पहले भारत सरकार ने टेलीग्राम पर बड़ा डिजिटल स्ट्राइक किया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी कानून, 2000 की धारा 69A के तहत टेलीग्राम पर अस्थाई रोक लगा दी है। यह पाबंदी 22 जून 2026 तक जारी रहेगी। जबकि इसका मैसेज एडिट फीचर 30 जून तक बंद रहेगा। लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर टेलीग्राम में ऐसा क्या है कि यह पेपर लीक करने वाले शातिरों और ऑनलाइन ठगों का काम आसान बना देता है और उनकी पहली पसंद बन चुका है? आइए जानते हैं इसके किन फीचर्स को अपराधी हथियार बनाते हैं...

सीक्रेट चैट और एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन

टेलीग्राम का सबसे बड़ा और चर्चित फीचर इसका सीक्रेट चैट (Secret Chat) है। इसमें 'एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन' होता है, जिसका मतलब है कि मैसेज भेजने वाले और देखने वाले के अलावा उसे कोई तीसरा नहीं पढ़ सकता है। यहाँ तक कि खुद टेलीग्राम कंपनी भी नहीं। इसके अलावा, इसमें मैसेज अपने आप डिलीट होने (Self-Destruct) का टाइमर भी होता है। यानी अपराधी बातचीत करने के बाद उसे इस तरह गायब कर देते हैं कि पुलिस या जांच एजेंसियों के हाथ कोई डिजिटल सबूत (Digital Footprint) नहीं लगता है।

यूजरनेम बेस्ड कॉन्टैक्ट

वॉट्सऐप या अन्य पारंपरिक ऐप्स पर ग्रुप बनाने या किसी से बात करने के लिए आपका मोबाइल नंबर सामने वाले के पास होना जरूरी होता है, जिससे अपराधी आसानी से ट्रैक हो जाते हैं, लेकिन टेलीग्राम पर कोई भी व्यक्ति बिना अपना असली फोन नंबर दिखाए, सिर्फ एक फर्जी यूजरनेम (Username) बनाकर अकाउंट चालू कर सकता है। इसी का फायदा उठाकर जालसाज अपनी असली पहचान पूरी तरह छिपा लेते हैं। हाल ही में अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने जिस गिरोह को पकड़ा, उसने इसी तरह खुद को छुपाकर करीब 1,000 छात्रों से संपर्क साधा और ₹21.5 करोड़ की ठगी को अंजाम दे डाला।

ऑटोमेटेड बॉट्स

टेलीग्राम के बॉट्स (Bots) असल में ऐसे ऑटोमेटेड प्रोग्राम या अकाउंट होते हैं जो इंसानों की तरह काम करते हैं। अपराधी इन बॉट्स को इस तरह सेट कर देते हैं कि वे अपने आप नए-नए लोगों को ग्रुप में जोड़ते हैं, फर्जी लिंक शेयर करते हैं और पैसों की मांग करते हैं। इसके लिए अपराधी को खुद स्क्रीन के सामने बैठने की जरूरत नहीं होती है। सब कुछ बैकग्राउंड में ऑटोमेटिक चलता रहता है। अगर पुलिस किसी एक बॉट या चैनल को डिलीट भी कर दे, तो अपराधी तुरंत दूसरा बॉट खड़ा कर लेते हैं।

2GB तक फाइल शेयरिंग

ज्यादातर मैसेजिंग ऐप्स पर कुछ MB से बड़ी फाइल भेजने की अनुमति नहीं होती, लेकिन टेलीग्राम पर यूजर्स एक बार में 2GB तक की भारी फाइल शेयर कर सकते हैं। यह फीचर अपराधियों और पेपर माफिया का काम काफी आसान बना देता है। इसकी मदद से वे लाखों छात्रों का चुराया गया डेटा, भारी-भरकम लीक डॉक्यूमेंट्स या पूरे पेपर की PDF फाइल्स एक क्लिक में लाखों लोगों तक पहुंचा देते हैं।

मैसेज एडिट और डिलीट फीचर

टेलीग्राम पर भेजे जा चुके मैसेज को कभी भी एडिट या डिलीट किया जा सकता है। दिखने में यह आम यूजर की सुविधा के लिए है, लेकिन अपराधियों ने इसे फर्जीवाड़ा करने का जरिया बना लिया। नीट परीक्षा के मामले में एनटीए (NTA) ने खुलासा किया कि ठग परीक्षा से पहले ग्रुप में एक सिंपल सी फाइल डाल देते थे। जैसे ही एग्जाम खत्म होता और असली पेपर बाहर आता, वे 'Edit' बटन दबाकर उस पुराने मैसेज में असली पेपर अपलोड कर देते थे। चूंकि टेलीग्राम पर मैसेज बदलने के बाद भी उसका पुराना टाइम (Timestamp) नहीं बदलता, इसलिए छात्रों को लगता था कि पेपर सच में परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था। इसी धोखे को रोकने के लिए सरकार ने फिलहाल इस एडिट फीचर को 30 जून 2026 तक के लिए ब्लॉक कर दिया है।

 

PREV

नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Telegram vs WhatsApp: टेलीग्राम का कौन-सा फीचर बना विवाद की वजह, वॉट्सऐप में क्यों नहीं है ये खतरा?
Foldable iPhone: एपल के फोल्ड होने वाले आईफोन की तस्वीरें लीक! डिजाइन देख चौंक जाएंगे आप