
Jharkhand Elephant Video: झारखंड के जंगल से गुजर रही एक ट्रेन करीब दो घंटे तक एक मादा हाथी के चलते रुकी रही। मादा हाथी पटरी के पास आकर अपने बच्चे को जन्म दे रही थी। ऐसे में उसके पास से ट्रेन ले जाना ठीक नहीं था। इसी वजह से ट्रेन के ड्राइवर ने रुकने का फैसला किया।
यह ट्रेन करीब दो घंटे तक रुकी रही। इस दौरान मादा हाथी ने रेलवे ट्रैक पर अपने बच्चे को जन्म दिया और उसके साथ जंगल में चली गई। मादा हाथी के जाने के बाद ट्रेन आगे बढ़ी। यह घटना कैमरे में कैद हो गई है। इसमें देखा जा सकता है कि हाथी और उसका नवजात बच्चा जन्म के बाद सुरक्षित रूप से चल रहा है।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने X पर वीडियो शेयर कर इस घटना की जानकारी दी है। उन्होंने इसे करुणा का एक सशक्त उदाहरण बताया। उन्होंने पोस्ट किया, "इंसान और जानवर के बीच संघर्षों की खबरों से परे, मानव-पशु सामंजस्यपूर्ण अस्तित्व का यह उदाहरण शेयर करते हुए मुझे खुशी हो रही है। झारखंड में एक हथिनी ने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद ट्रेन दो घंटे तक इंतजार करती रही। वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे बाद में दोनों खुशी-खुशी आगे बढ़ते हैं।"
भूपेंद्र यादव ने लिखा, "भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और रेल मंत्रालय ने देश में 3500 किलोमीटर रेलवे ट्रैक का सर्वे कर 110 से ज्यादा संवेदनशील स्थानों की पहचान की है। इन प्रयासों के इतने उत्साहजनक परिणाम देखना सुखद है। झारखंड वन विभाग के अधिकारियों को उनकी संवेदनशीलता के लिए विशेष बधाई, जिससे हथिनी को अपने बच्चे को जन्म देने में मदद मिली।"
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News