
मुंबई। टीवी की नागिन यानी मौनी रॉय (Mouni Roy) ने कहा है कि भगवद्गीता को स्कूल के सिलेबस में शामिल किया जाना चाहिए। मौनी के मुताबिक, गीता में जिंदगी के हर सवाल का जवाब है। उन्होंने यह भी कहा कि इसकी जरूरत सिर्फ स्कूलों या देश को नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को है। एक इंटरव्यू के दौरान मौनी ने कहा- मैंनेबचपन में भगवद्गीता का सार पढ़ा था, लेकिन अब तक इसे समझ नहीं पाई थी। फिर मेरी एक दोस्त ने इसे पढ़ना शुरू किया और लॉकडाउन से पहले मैंने भी वह क्लास अटेंड की।
धार्मिक किताब से बढ़कर है गीता :
मौनी ने आगे बताया- बिजी शेड्यूल चलते मैं ज्यादा क्लास तो अटेंड नहीं कर पाई। लेकिन मुझे लगता है कि इसे अब स्कूल सिलेबस में शामिल किया जाना चाहिए। मेरे हिसाब से यह धार्मिक किताब से बढ़कर है। यह जिंदगी का सार, शाश्वत और बुनियादी ज्ञान है। अगर आपके दिमाग में कोई सवाल है तो गीता में उसका जवाब है। मौनी यह भी मानती हैं कि मात्र गीता के अध्य्यन से भारतीय परिवारों में पल रही रूढ़िवादी सोच खत्म हो सकती है।
हम सोने की खान लेकिन कुछ नहीं पता :
मौनी ने आगे कहा- हम अज्ञानता में जीवन जी रहे हैं। हम हकीकत में वेदों और उपनिषद् वाले देश से आते हैं, तब भी हमें कुछ नहीं पता। हम सोने की खान पर बैठे हैं और हमें उसके बारे में पता ही नहीं है। मनोरंजन उद्योग में बहुत तनाव है। आपके पास शनिवार और रविवार का कॉन्सेप्ट नहीं होता। 9 से 5 की जॉब में हम अपने दिमाग और विचारों में पिस जाते हैं। ऐसे में निश्चित रूप से गीता की जरूरत है। मुझे लगता है कि ग्रामीण, शहरी और सभी महानगरों में भगवद्गीता के उपदेशों को आत्मसात करना चाहिए।
बता दें कि मौनी रॉय 'गोल्ड' (2018), 'रोमियो अकबर वॉल्टर' (2019), 'मेड इन चाइना' (2019) जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं हैं। मौनी रॉय जल्द ही अयान मुखर्जी के डायरेक्शन में बन रही 'ब्रह्मास्त्र' में दिखेंगी। इसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन भी हैं। हाल में महाशिवरात्रि पर मौनी रॉय ने पूजा करती अपनी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की थी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।