
हटके डेस्क। मगरमच्छ एक ऐसा जानवर है जो पानी में रहने के साथ भोजन की तलाश में बाहर भी आ जाता है। इसके जबड़े में जो भी फंसा, उसका बच पाना मुश्किल ही होता है। यह हाथी जैसे बड़े जानवर तक को नहीं छोड़ता। वैसे, पुल पर से गुजर रहे किसी इंसान पर यह हमला कर दे, ऐसा नहीं सुना गया है। लेकिन फिलीपींस में एक मगरमच्छ ने पुल पर से गुजर रही एक लड़की को पानी में खींचने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक, दक्षिणी फिलीपींस स्थित पलावन नाम की जगह में पिछले शुक्रवार को 12 साल की एक लड़की एक नदी पर बने बांस के पुल से गुजर रही थी। तभी नीचे पानी से 14 फीट के एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसका पैर पकड़ कर नीचे खींचने लगा। लड़की का भाई उसके साथ था। उसने मगरमच्छ पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।
बहुत नीचा था बांस का पुल
बांस के पुल पानी की सतह से बहुत ऊंचे नहीं बने होते। यह पुल तो पानी की सतह से थोड़ा ही ऊपर था और पुल पर एक जगह थोड़ा गैप भी था। मगरमच्छ ने वहीं से लड़की के पैर को दबोच लिया और नीचे की तरफ खींचने लगा। लड़की चीखने लगी। संयोग से पुल पर कुछ पत्थर पड़े थे। लड़की के भाई ने उन पत्थरों से मगरमच्छ को मारना शुरू कर दिया। अचा्नक हुए इस हमले से शायद मगरमच्छ घबरा गया और उसने लड़की पैर छोड़ दिया।
लहूलुहान हो गया पैर
मगरमच्छ के इस हमले में लड़की का पैर लहूलुहान हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अभी उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि लड़की के पैर में गहरे घाव हैं। यह तो उसके भाई ने बहादुरी दिखाई कि उसकी जान बच गई, वरना मगरमच्छ के जबड़े में एक बार फंसने के बाद निकलना मुश्किल होता है। उसके भाई ने बताया कि बहन उसके पीछे-पीचे चल रही थी। अचानक उसके चीखने की आवाज सुन कर वह चौंका। उसने देखा कि मगरमच्छ उसकी बहन को पानी के अंदर खींचने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद उसने उस पर पत्थर मारने शुरू कर दिए।
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News