इस गांव में सब लोगों की है एक किडनी, वजह जान कर हो जाएंगे हैरान

यह जान कर शायद किसी को यकीन न हो कि दुनिया में कोई गांव ऐसा है, जहां सभी लोगों की सिर्फ एक ही किडनी है, लेकिन यह सच है। यह गांव नेपाल में है।
 

Asianet News Hindi | Published : Nov 14, 2019 2:40 AM IST

हटके डेस्क। यह जान कर शायद किसी को यकीन न हो कि दुनिया में कोई गांव ऐसा है, जहां सभी लोगों की सिर्फ एक ही किडनी है, लेकिन यह सच है। यह गांव नेपाल में है। नेपाल की राजधानी काठमांडू से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित होकसे नाम के इस गांव के लगभग सभी लोगों ने अपनी एक किडनी बेच दी है। अब यहां के लोग एक किडनी के साथ जीने को मजबूर हैं। इस गांव को किडनी वैली भी कहा जाने लगा है।

भूकंप से बर्बाद हो गया था गांव
साल 2015 में नेपाल में भीषण भूकंप आया था। इस भूकंप में गांव वाले बर्बाद हो गए। इसके बाद मनाव अंगों की तस्करी करने वाले गिरोहों ने उन्हें अपना निशाना बनाया और कभी लालच तो कभी धोखे से बहुत कम पैसे देकर उनकी किडनियां निकाल लीं। उन्हें एक किडनी के एक लाख रुपए या इससे भी कम मिले।

बहुत पिछड़ा है गांव
काठमांडू के काफी नजदीक होने के बावजूद होकसे गांव बेहद पिछड़ा है। यहां ज्यादातर लोग काफी गरीब और अशिक्षित हैं। भूकंप आने के बाद उनकी मुसीबतें और भी बढ़ गईं। काठमांडू में मानव अंगों की तस्करी करने वाले कई गिरोह सक्रिय हैं। उन्होंने गांव वालों को समझाया कि किडनी बेचने से उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा और किडनी दोबारा भी उग आती है। भोले-भाले अनपढ़ ग्रामीणों ने उनकी बातों पर भरोसा कर लिया और किडनियां बेचने लगे। बाद में जब उन्हें सच्चाई का पता चला तो पछताने के सिवा दूसरा कोई चारा नहीं था।

अंतरराष्ट्रीय मीडिया में आई खबर
यह खबर किसी तरह से अंतरराष्ट्रीय मीडिया में आ गई। इसके बाद नेपाल सरकार पर किडनी तस्करों पर कार्रवाई करने का दबाव बढ़ा। नेपाल सरकार ने जांच करवाई। मेडिकल जांच में पता चला कि गांव के ज्यादातर लोगों की एक किडनी निकाल ली गई है। जब सरकार ने सख्ती की तो किडनी तस्करों ने गांव में आना बंद कर दिया। गांव वालों का कहना है कि भूकंप के बाद उन्हें सरकार से कोई मदद नहीं मिली। उन्होंने मजबूरी में किडनी बेची। उन्हें यह पता भी नहीं था कि किडनी बेचने से नुकसान हो सकता है।  

Share this article
click me!