
तिरुअनंतपुरम: कहते हैं देने वाला जब भी देता है छप्पर फाड़ के देता है। इसके कई उदाहरण देखने को मिले हैं। लेकिन इन सबसे बड़ी किस्मत है केरल में रहने वाले एक शख्स की। पिछले साल क्रिसमस में शख्स ने 6 करोड़ की लॉटरी जीती थी। अब इसके ठीक एक साल बाद उन पैसों से खरीदी गई जमीन ने फिर से उसकी किस्मत चमका दी।
पिछले साल क्रिसमस पर जीती थी लॉटरी
केरल के 66 साल के बी रत्नाकर पिल्लई ने पिछले साल क्रिसमस पर लॉटरी जीती थी। इसमें उन्होंने 6 करोड़ रुपए जीते थे। इन पैसों से उन्होंने किलिमानूर में खेत ख़रीदे। वो इस खेत में शकरकंद की खेती करते थे। हाल ही में जब खेती के लिए वो इसकी जुताई कर रहे थे, तब वहां से उन्हें 100 साल पुराना मटका मिला। इस मटके से जो निकला उसने उनकी किस्मत दुबारा खोल दी।
सिक्कों से भरा था मटका
जब पिल्लई ने मटका निकाला, तो उसके अंदर से निकली चीज ने उन्हें हैरान कर दिया। दरअसल, मटके में 2595 सिक्के भरे थे। इन सिक्कों का वजन 20 किलो 40 ग्राम था। सभी सिक्के तांबे के हैं। इनकी कीमत का अभी तक अंदाजा नहीं लगाया जा सका है। इसके लिए इन्हें लैब भेजा गया है। लैब में सफाई के बाद इसकी कीमत का खुलासा होगा।
काफी पुराने हैं सिक्के
बताया जा रहा है कि ये सिक्के त्रवनकोर के दो महाराजाओं के शासनकाल का है। उस दौरान ही ऐसे सिक्के चलते थे। इसमें से एक राजा मूलम थिरूनल राम वर्मा थे जबकि दूसरे राजा चिथिरा थिरुनल बाला राम वर्मा थे। ऐसे में इन सिक्कों की कीमत काफी ज्यादा आंकी जा रही है।
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News