
हटके डेस्क। कोई भी एक मिनट में कितनी इडली खा सकता है? ज्यादा से ज्यादा एक या दो। इससे अधिक इडली खा पाना शायद ही किसी के लिए संभव हो। बहुत प्रयास करने के बाद भी इससे ज्यादा इडली खा पाना संभव नहीं लगता, लेकिन कर्नाटक के ऐतिहासिक शहर मैसूर में आयोजित एक प्रतियोगिता में 60 साल की महिला ने एक मिनट में 6 इडली खाकर सबों को हैरत में डाल दिया। यहां दशहरा के मौके पर सबसे तेजी से इडली खाने की एक प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। इसी प्रतियोगिता में हुल्लहुल्ली की रहने वाली 60 साल की सरोज्जमा ने तमाम प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए एक मिनट के भीतर ही 6 इडली खा ली। इडली खाने की उसकी इस स्पीड को देख कर सभी हैरान रह गए। महिला इस प्रतियोगिता में विजयी घोषित की गई।
दशहरा के मौके पर होती हैं कई प्रतियोगिताएं
पूरे कर्नाटक में दशहरा बहुत ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस मौके पर यहां तरह-तरह की प्रतियोगिताएं होती हैं। खासकर, मैसूर में दशहरा के मौके पर लोगों का उत्साह देखते ही बनता है। एक मिनट में अधिक से अधिक इडली खाने की यह प्रतियोगिता सिर्फ महिलाओं के लिए ही हुई थी।
मैसूर का दशहरा है आधिकारिक फेस्टिवल
बता दें कि मैसूर में होने वाला दशहरा का त्योहार देश-विदेश में विख्यात है। इसे कर्नाटक का आधिकारिक त्योहार माना गया है। दशहरा के त्योहार की शुरुआत यहां नवरात्र से ही हो जाती है और पूरे 10 दिन तक शहर में जश्न का माहौल रहता है। इस दौरान घर-घर में सजावट की जाती है। खास तौर पर मैसूर पैलेस को एक लाख छोटे-छोटे बल्बों से सजाया जाता है। रात के समय में जब बल्ब जल जाते हैं तो महल की खूबसूरती देखते ही बनती है। इसे देखने के लिए खास तौर पर यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।
वायरल न्यूज(Viral News Updates): Read latest trending news in India and across the world. Get updated with Viral news in Hindi at Asianet Hindi News