
Israel Iran War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान और इजरायल के बीच युद्ध विराम समझौता हो गया है। 12 दिन से चल रही लड़ाई जल्द ही बंद हो जाएगी। ईरान ने कुछ घंटे बाद ही ट्रंप के इस दावे को खारिज कर दिया है। कहा है कि कोई युद्ध विराम नहीं हुआ है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि इजरायल के साथ युद्ध विराम नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान तभी अपनी प्रतिक्रिया रोकेगा जब इजरायली हमले बंद हो जाएंगे। इस पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है।
ईरानी विदेश मंत्री ने X पर पोस्ट किया, "जैसा कि ईरान ने बार-बार स्पष्ट किया है, इजरायल ने ईरान पर युद्ध शुरू किया, न कि ईरान ने। अभी तक, किसी भी युद्ध विराम या सैन्य अभियानों की समाप्ति पर कोई "समझौता" नहीं हुआ है। इजरायली शासन ईरानी लोगों के खिलाफ अपने अवैध आक्रमण को तेहरान समय के अनुसार सुबह 4 बजे से पहले बंद कर दे। हमारा उसके बाद अपनी प्रतिक्रिया जारी रखने का कोई इरादा नहीं है। हमारे सैन्य अभियानों की समाप्ति पर अंतिम निर्णय बाद में लिया जाएगा।"
अब्बास अराघची ने कहा, "इजरायल को उसके आक्रमण के लिए सजा देने के लिए हमारे शक्तिशाली सशस्त्र बलों का सैन्य अभियान सुबह 4 बजे तक जारी रहा। मैं सभी ईरानियों के साथ मिलकर अपने बहादुर सशस्त्र बलों को धन्यवाद देता हूं जो अपने खून की आखिरी बूंद तक हमारे प्यारे देश की रक्षा के लिए तैयार रहते हैं और जिन्होंने दुश्मन के किसी भी हमले का आखिरी मिनट तक जवाब दिया।"
पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान और इजरायल "पूर्ण और समग्र युद्ध विराम" पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों द्वारा अपने "अंतिम मिशन" पूरा करने के छह घंटे के भीतर युद्ध विराम लागू हो जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।