जापान में क्रूज पर चालक दल के 4 भारतीय सदस्यों में कोविड-19 की पुष्टि

Published : Feb 23, 2020, 08:28 PM IST
जापान में क्रूज पर चालक दल के 4 भारतीय सदस्यों में कोविड-19 की पुष्टि

सार

भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, “दुर्भाग्य से, स्थानीय समयानुसार 12 बजे प्राप्त हुए परिणामों में चालक दल के चार भारतीय सदस्य जांच में पॉजीटिव पाए गए हैं।” इससे पहले आठ भारतीयों में ‘कोविड-19’ की पुष्टि हुई थी। 

तोक्यो. जापान तट के पास खड़े क्रूज पोत पर चालक दल के चार भारतीय सदस्य ‘कोविड-19’ की जांच में पॉजीटिव पाए गए हैं। भारतीय दूतावास ने रविवार को कहा कि सभी परिणाम आने के बाद जिन लोगों में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है उन्हें घर लाने में मदद की जाएगी।

जहाज पर सवार 12 भारतीयों में कोरोना वायरस की पुष्टि

दूतावास ने बताया कि इसी के साथ पोत पर सवार संक्रमित भारतीयों की कुल संख्या 12 हो गई है। कोरोना वायरस के संक्रमण से होने वाली बीमारी को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने औपचारिक नाम ‘कोविड-19’ दिया है। जहाज को पृथक रखने की अवधि पिछले सप्ताह खत्म होने के बाद जिन यात्रियों में घातक बीमारी के कोई लक्षण नहीं थे, उन्होंने जहाज से उतरना शुरू कर दिया था। मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा ने कहा कि अनेक लोगों के जहाज से उतरने के बावजूद पोत पर 1,000 से अधिक यात्री और चालक दल के सदस्य अब भी मौजूद हैं।शनिवार को करीब 100 और लोगों को जहाज से उतरने की अनुमति दी गई जो जहाज पर संक्रमित लोगों के करीबी संपर्क में थे।

दूतावास ने कहा सभी भारतीयों का उपचार चल रहा है

भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, “दुर्भाग्य से, स्थानीय समयानुसार 12 बजे प्राप्त हुए परिणामों में चालक दल के चार भारतीय सदस्य जांच में पॉजीटिव पाए गए हैं।” इससे पहले आठ भारतीयों में ‘कोविड-19’ की पुष्टि हुई थी। दूतावास ने कहा, ‘‘संक्रमित सभी 12 भारतीयों पर उपचार का अच्छा असर हो रहा है।’’भारतीय दूतावास ने कहा कि जापानी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि पोत पर सवार सभी यात्रियों के नमूने एकत्र किए गए और उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। दूतावास ने कहा  “सभी परिणाम 25 या 26 फरवरी तक आने की उम्मीद है। पोत पर मौजूद जिन भारतीय नागरिकों की जांच पॉजीटिव नहीं आएगी, भारतीय दूतावास उनके जल्द से जल्द घर लौटने में मदद करेगा।” दूतावास ने शनिवार को कहा कि सभी स्वस्थ यात्रियों के उतरने के बाद पोत पर मौजूद भारतीयों और अन्य लोगों में वायरस की जांच की जाएगी।

3 फरवरी से तोक्यो के पास खड़ा है जहाज

इसने कहा, “जापान के अधिकारी डायमंड प्रिंसेस पोत पर सवार सभी भारतीय नागरिकों की कोविड-19 के लिए जांच की जाएगी।” तोक्यो के पास योकोहामा तट पर तीन फरवरी को खड़े किए गए पोत ‘डायमंड प्रिंसेस’ में सवार कुल 3,711 लोगों में 138 भारतीय भी शामिल थे। इनमें चालक दल के 132 सदस्य और छह यात्री थे। इसे उस वक्त अलग-थलग रखा गया था जब पिछले महीने हांग कांग में उतरे एक यात्री में इस बीमारी की पुष्टि हुई थी। चीन के बाद ‘कोविड-19’ के सबसे ज्यादा मामले इस पोत से सामने आए हैं।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

इथियोपिया की संसद में गूंजा वंदे मातरम, PM मोदी ने संयुक्त सत्र को किया संबोधित, रचा इतिहास
भारत-चीन यात्रा पर बिग ब्रेकथ्रू: जनवरी से दिल्ली-शंघाई रोज़ाना उड़ानें! जानें पूरा शेड्यूल