
वाशिंगटन। अमेरिका के कई राज्यों में सप्ताहांत पर गोलीबारी की कई घटनाएं हुईं हैं। इसके चलते छह लोग मारे गए हैं और दर्जनों लोग घायल हुए हैं। पेंसिल्वेनिया में एक राज्य सैनिक भी मारा गया है। गोलीबारी सबअर्बन शिकागो, वाशिंगटन स्टेट, पेंसिल्वेनिया, सेंट लुइस, दक्षिणी कैलिफोर्निया और बाल्टीमोर में हुई।
सबअर्बन शिकागो में एक पार्किंग में सैकड़ों लोग जुनेहवीं मनाने के लिए जुटे थे। यहां रविवार तड़के 23 लोगों को गोली मार दी गई। वाशिंगटन स्टेट में शनिवार की रात म्यूजिक फेस्टिवल में शामिल होने के लिए भीड़ जुटी थी। इसी दौरान एक शूटर ने भीड़ पर गोलीबारी कर दी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।
सेंट्रल पेन्सिलवेनिया में पुलिस बैरक में हमला
सेंट्रल पेन्सिलवेनिया में शनिवार को राज्य पुलिस बैरक पर एक बंदूकधारी ने हमला किया। इस घटना में राज्य पुलिस के एक जवान की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। संदिग्ध अपनी कार को पुलिस बैरक में ले गया। उसने गश्ती के खड़ी कारों पर राइफल से गोलियों की बौछार कर दी। बाद में एनकाउंटर में संदिग्ध मारा गया।
पार्टी कर रहे किशोरों पर नाबालिग ने चलाई गोली
डाउनटाउन सेंट लुइस में रविवार सुबह हुई गोलीबारी में एक 17 साल की लड़की की मौत हो गई और 9 अन्य किशोर घायल हो गए। किशोर एक ऑफिस में पार्टी कर रहे थे तभी गोलीबारी हुई। गोलीबारी एक नाबालिग ने की थी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। इस गोलीबारी में हताहत हुए किशोरों की उम्र 15 से 19 साल है। 17 साल की लड़की की रीढ़ की हड्डी में गोली लगी थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
गन कल्चर के चलते बढ़ी हिंसा
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका में हिंसक घटनाएं बढ़ी हैं। इसके लिए गन कल्चर को मुख्य रूप से जिम्मेदार माना जा रहा है। अमेरिका में बंदूक खरीदना आसान है। लोग कपड़े की तरह दुकान में जाकर अपने लिए गन खरीद सकते हैं। इसके चलते बड़ी संख्या में लोग अपने पास बंदूक रखते हैं।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।