कनाडा-मैक्सिको को ट्रंप ने दी राहत, सीमा सुरक्षा बढ़ाने के वादे पर रोका टैरिफ

Published : Feb 04, 2025, 09:26 AM ISTUpdated : Feb 04, 2025, 09:27 AM IST
Donald Trump

सार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा और मैक्सिको से आने वाले सामानों पर लगाया गया टैरिफ 30 दिनों के लिए रोक दिया है। सीमा सुरक्षा बढ़ाने के वादे के बाद यह फैसला लिया गया। दोनों देशों के नेताओं से बातचीत के बाद ट्रंप ने यह राहत दी।

वर्ल्ड डेस्क। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कनाडा और मैक्सिको को बड़ी राहत दी है। उन्होंने दोनों देशों से आने वाले सामानों पर लगाए गए शुल्क को 30 दिन के लिए रोका है। ट्रंप ने यह फैसला सीमा सुरक्षा बढ़ाने के वादे पर किया है।

राष्ट्रपति ट्रंप और कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो के बीच फोन पर कई बार बातचीत हुई। इसके बाद ट्रंप ने टैरिफ लगाए जाने को 30 दिन के लिए रोका है। अमेरिका ने कनाडा और मैक्सिको पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया था।

ट्रंप ने सोमवार को घोषणा की कि अमेरिका कनाडा और मैक्सिको से आयात होने वाले सामानों पर लगाए जाने वाले टैरिफ को 30 दिनों के लिए रोक रहा है। ट्रंप ने कनाडा के जस्टिन ट्रूडो के साथ दो बार फोन पर बात की। इसके साथ ही मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम पार्डो से भी बात की। चीन पर लगा 10 प्रतिशत टैरिफ मंगलवार से लागू होगा।

ट्रंप ने शनिवार को की थी कनाडा, मैक्सिको और चीन पर टैरिफ लगाने की घोषणा

बता दें कि ट्रंप ने शनिवार को कनाडा, मैक्सिको और चीन से आयात होने वाले सामानों पर टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। कनाडा और मैक्सिको पर 25 फीसदी और चीन पर 10 फीसदी टैरिफ लगाया गया था। कहा था कि ये देश अवैध प्रवासियों को अमेरिका में प्रवेश करने से रोकने और ड्रग्स तस्करी रोकने में विफल रहे हैं। इसके चलते यह कार्रवाई की गई है। कनाडा और मैक्सिको ने भी बदले में अमेरिका से आने वाले सामानों पर शुल्क लगा दिया था।

कनाडा ने किया सीमा की सुरक्षा बढ़ाने का वादा

कनाडा के प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने 30 दिनों के लिए टैरिफ रोकने पर सहमति जताई है। कनाडा ने अमेरिका की सीमा संबंधी चिंताओं पर अधिक सहयोग का वादा किया है। ट्रूडो ने ट्वीट किया, "मैंने अभी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अच्छी बातचीत की। हम 1.3 बिलियन डॉलर की सीमा योजना लागू कर रहे हैं। नए हेलिकॉप्टरों, टेक्नोलॉजी और कर्मियों के साथ सीमा सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। अमेरिकी भागीदारों के साथ बेहतर समन्वय से फेंटेनाइल की तस्करी रोकी जाएगी।"

यह भी पढ़ें- ट्रंप ने शुरू किया भारतीय प्रवासियों को वापस भेजना, C-17 विमान रवाना

इससे पहले सोमवार को मैक्सिकन राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने कहा कि मैक्सिको अमेरिका में अवैध दवाओं की तस्करी रोकने के लिए अपनी उत्तरी सीमा पर तुरंत 10,000 नेशनल गार्ड सैनिकों को तैनात करेगा। फेंटेनाइल की तस्करी पर खास ध्यान दिया जाएगा।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

US Russia Sanctions Bill: रूस से तेल खरीदना पड़ेगा भारी! भारत समेत 10 देशों पर 100% टैरिफ का खतरा
Trump-Fed टकराव, Iran War और India-Pak Clash से मक्का ड्रोन अटैक तक, आज की 10 बड़ी खबरें कौन सी?