रूस ने कहा- यूक्रेन सरेंडर करे तो होगी बात, भारतीय छात्रों का पहला जत्था रवाना

Published : Feb 25, 2022, 06:41 PM ISTUpdated : Feb 25, 2022, 06:47 PM IST
रूस ने कहा- यूक्रेन सरेंडर करे तो होगी बात, भारतीय छात्रों का पहला जत्था रवाना

सार

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि बातचीत तभी हो सकती है जब यूक्रेन सरेंडर कर दे। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को बातचीत का न्योता भेजा है। यूक्रेन से भारतीय छात्रों को निकाला जाना शुरू हो गया है।

कीव। यूक्रेन पर रूस के हमले (Russia Ukraine War) के दूसरे दिन दोनों देशों के बीच लड़ाई खत्म करने को लेकर बातचीत शुरू हो गई है। रूस की सेना ने दूसरे दिन यूक्रेन पर हमला तेज कर दिया। रूसी सैनिक राजधानी कीव पहुंच गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने दुनिया से मदद की मांग की। इस बीच रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि बातचीत तभी हो सकती है जब यूक्रेन सरेंडर कर दे। 

लड़ाई में रूसी सेना की बढ़त देख यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को बातचीत का न्योता भेजा है। दूसरी ओर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शुक्रवार को व्लादिमिर पुतिन से बात की। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुतिन यूक्रेन से बातचीत करने के लिए तैयार हो गये हैं। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से व्लादिमिर पुतिन से बात की थी।

भारतीय छात्रों का पहला जत्था रवाना
इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों के लिए राहतभरी खबर आई है। यूक्रेन से भारतीय छात्रों को निकाला जाना शुरू हो गया है। भारतीय छात्रों का पहला जत्था चेर्नित्सि से यूक्रेन-रोमानिया सीमा के लिए रवाना हो गया है। भारत के विदेश मंत्रालय का कैंप कार्यालय पश्चिमी यूक्रेन के ल्वीव और चेर्नित्सि शहरों में चालू हैं। अतिरिक्त रूसी भाषी अधिकारियों को इन शिविर कार्यालयों में भेजा जा रहा है।

यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को अपने खर्च पर बचाकर लाएगी सरकार
दरअसल, जंग के बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरीकों और छात्रों को बचाने के लिए भारत सरकार ने अहम फैसला किया है। सरकार ने तय किया है कि वह अपने खर्च पर यूक्रेन से भारतीय नागरिकों और छात्रों को बचाकर लाएगी। यूक्रेन का वायु क्षेत्र बंद है। इसके चलते पड़ोसी देशों में भारतीय लोगों को पहले सड़क मार्ग से लाया जाएगा। इसके बाद वहां से विमान के जरिए भारत लाया जाएगा। एयर इंडिया के दो विमान आज रात रवाना होंगे। 

भारत सरकार यूक्रेन के पड़ोसी देश रोमानिया और हंगरी के रास्ते भारतीयों को बाहर निकालेगी। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में स्थित भारतीय दूतावास ने इसके लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि भारत सरकार और भारतीय दूतावास रोमानिया और हंगरी के रास्ते यूक्रेन में फंसे लोगों को निकलाने के लिए काम कर रही है। दोनों देशों की सीमा के पास टीम काम कर रही है। उजहोरोड के पास हंगरी की सीमा पर स्थित चॉप-जहोनी (CHOP-ZAHONY) और रोमानिया की सीमा पर स्थित चेर्नित्सि के पोरुब्न-सिरेत (PORUBNE-SIRET) पर निकासी टीमें पहुंच रही हैं। 

यह भी पढ़ें- रूस यूक्रेन जंग: रूसी टैंक ने कुचलकर कार को किया चकनाचूर, किस्मत से अंदर सवार बुजुर्ग की बची जान

हंगरी में भारतीय दूतावास ने कहा कि भारतीयों खासकर छात्रों को उक्त सीमा चौकियों के आसपास के इलाकों में रह रहे हैं वे यातायात शुरू होने पर संगठित रूप से वहां पहुंचें। उन्हें इसके लिए विदेश मंत्रालय की टीम से समन्वय करने को कहा गया है। बता दें कि यूक्रेन पर रूस के हमले के चलते वहां फंसे भारतीय छात्रों की जान संकट में पड़ गई है। छात्र मेट्रो स्टेशन, बंकरों, हॉस्टलों और अपने फ्लैट्स में छिपे हुए हैं। यूक्रेन के विभिन्न शहरों में भारत के 15 हजार से ज्यादा लोग फंसे हुए हैं। करीब 4 हजार लोग वहां से निकल आए हैं।

क्या है मामला?
बता दें कि रूस ने गुरुवार को यूक्रेन पर हमला कर दिया था। शुक्रवार को हमला और अधिक तेज हो गया। रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई का मुख्य कारण यूक्रेन का अमेरिकी नेतृत्व वाले सैन्य संगठन नाटो का सदस्य बनने की कोशिश है। यूक्रेन का नाटो और यूरोपिय यूनियन से करीबी संबंध है। रूस ने अमेरिका से इस बात की गारंटी की मांग की थी कि यूक्रेन को नाटो का सदस्य नहीं बनाया जाएगा, लेकिन अमेरिका ने इससे इनकार कर दिया। रूस यूक्रेन के नाटो सदस्य बनने को अपनी सुरक्षा के लिए संकट के रूप में देखता है।

यह भी पढ़ें- 20 सबसे बड़े कारण, जिसने रसिया-यूक्रेन के बीच करा दिया महाभारत, आसान शब्दों में जानें विवाद की 360 डिग्री वजह

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Medical Emergency: पाकिस्तान में मेडिकल इमरजेंसी! दवाओं के लिए तरस रहे लोग
Top 10 Morning News: पंजाब ब्लास्ट से हंटावायरस अलर्ट तक, देश और दुनिया के 10 ताज़ा अपडेट