देवी काली को मर्लिन मुनरो जैसे पोज में दिखाने पर यूक्रेन ने मांगी माफी, कहा- करते हैं भारत की संस्कृति का सम्मान

Published : May 02, 2023, 11:48 AM ISTUpdated : May 02, 2023, 11:51 AM IST
Ukraine Kali

सार

देवी काली की आपत्तिजनक तस्वीर ट्वीट किए जाने के मामले में यूक्रेन ने माफी मांगी है। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने देवी काली की तस्वीर ट्वीट की थी। इसमें उन्हें एक्ट्रेस मर्लिन मुनरो जैसे पोज में दिखाया गया था।

कीव। देवी काली की आपत्तिजनक तस्वीर (Disrespecting Goddess Kali) यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय (Ukraine Defense Ministry) द्वारा ट्वीट किए जाने को लेकर यूक्रेन ने माफी मांगी है। यूक्रेन के विदेश मामलों की फर्स्ट डिप्टी मिनिस्टर एमिन दझापरोवा ने मंगलवार को इस घटना पर खेद व्यक्त किया और कहा कि उनका देश भारत की संस्कृति का सम्मान करता है।

एमिन दझापरोवा ने ट्वीट किया, "यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय द्वारा हिंदू देवी काली को गलत तरीके से दिखाने पर हमें खेद है। यूक्रेन और यहां के लोग भारत की अनोखी संस्कृति का सम्मान करते हैं। हम भारत के समर्थन की बहुत सराहना करते हैं। तस्वीर को पहले ही हटा दिया गया है। यूक्रेन भारत के साथ आपसी सम्मान और मित्रता की भावना से सहयोग को और बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।"

 

 

आलोचना पर यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने हटा दिया था ट्वीट

यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को देवी काली की तस्वीर ट्वीट की थी। इसमें धमाके के बाद उठे धुएं को देवी काली के कैरिकेचर जैसा दिखाया गया था। देवी काली को हॉलीवुड एक्ट्रेस मर्लिन मुनरो की तरह के पोज में दिखाया गया था। फोटो ट्वीट किए जाने के बाद यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय की जमकर आलोचना होने लगी। इसके चलते ट्वीट को हटा दिया गया था।

भारत आईं थी झापरोवा, लगाई थी मदद की गुहार

गौरतलब है कि करीब 20 दिन पहले एमिन झापरोवा भारत दौरे पर आई थीं। उन्होंने अपनी समकक्ष मीनाक्षी लेखी, उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिश्री और शीर्ष राजनयिकों से मुलाकात की थी। एमिन ने रूस के साथ हो रही यूक्रेन की लड़ाई रुकवाने के लिए भारत से मदद की गुहार लगाई थी। फरवरी 2022 में शुरू हुई लड़ाई के बाद भारत आने वाली वह यूक्रेन की सबसे बड़ी अधिकारी थीं।

एमिन ने मीनाक्षी लेखी के साथ अपनी बैठक में यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की का एक पत्र दिया था। जेलेंस्की ने पीएम नरेंद्र मोदी के नाम लिखे पत्र में रूस-यूक्रेन जंग में भारत के हस्तक्षेप की मांग की थी। इस लड़ाई में भारत का स्टैंड न्यूट्रल है। भारत न रूस के साथ है और न यूक्रेन और उसके सहयोगियों के साथ।

PREV

अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

कबाड़ समझकर फेंक देते हैं SIM Card? इस शख्स ने इन्हीं से बना डाले ₹2 करोड़
Breaking: मेलबर्न में महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा चोरी, भारतीय समुदाय स्तब्ध