अक्टूबर 2021 में रहेगी नवरात्रि, दशहरा और करवा चौथ की धूम, जानिए किस दिन मनाएं जाएंगे ये पर्व

साल 2021 का 10वां महीना अक्टूबर (October 2021) आज से शुरू हो चुका है। इस महीने में कई प्रमुख त्योहार मनाए जाएंगे। इस महीने में सबसे पहले 2 अक्टूबर को इंदिरा एकादशी (Indira Ekadashi 2021) का व्रत रखा जाता है।

Asianet News Hindi | Published : Sep 30, 2021 1:36 PM IST / Updated: Oct 02 2021, 11:05 AM IST

उज्जैन. अक्टूबर 2021 में 06 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या (Sarva Pitru Moksha Amavasya 2021) के साथ 16 दिनों तक चलने वाले पितृ पक्ष का समापन होगा। फिर अगले दिन यानी 07 अक्तूबर को शारदीय नवरात्रि की प्रतिपदा तिथि पर घटस्थापना होगी। 15 अक्टूबर को दशहरा पर्व मनाया जाएगा। इस महीने शरद पूर्णिमा और करवाचौथ का व्रत भी होगा। आगे जानिए इनके अलावा और कौन-सा पर्व या व्रत किस दिन किया जाएगा…

2 अक्टूबर- इंदिरा एकादशी (Indira Ekadashi 2021) - हर महीने दो एकादशी के व्रत आते हैं जिनमें एक शुक्ल पक्ष और दूसरा कृष्ण पक्ष में होता है। 2 अक्टूबर को इंदिरा एकादशी का व्रत है। इसमें भगवान विष्णु की पूजा आराधना की जाती है।

6 अक्टूबर- सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या (Sarva Pitru Moksha Amavasya 2021) - 6 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या है। इसी दिन पितृपक्ष का आखिरी दिन होता है। सर्वपितृ अमावस्या पर उन मृत परिजनों का श्राद्ध किया जाता है जिनकी मृत्यु अमावस्या तिथि पर होती है। इसे अमावस्या श्राद्ध भी कहा जाता है। इस दिन से पश्चिम बंगाल में महालया अमावस्या पर नवरात्रि का आरंभ हो जाता है। मान्यता है महालया अमावस्या पर देवी दुर्गा पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं।

7 अक्टूबर- शारदीय नवरात्रि प्रारंभ (Shardiya Navratri 2021) - 7 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि शुरू होंगे। नवरात्रि के पहले दिन यानी प्रतिपदा तिथि पर घटस्थापना होती है। नवरात्रि में देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा होती है। कई लोग इन नौ दिनों का व्रत रखते हुए देवी दुर्गा की पूजा आराधना करते हैं। 

13 अक्टूबर- दुर्गा अष्टमी (Durga Ashtami 2021) - 13 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप की पूजा की जाती है। दुर्गा अष्टमी पर नौ कन्याओं का पूजन करते हुए इन्हें भोजन करवाया जाता है।

14 अक्टूबर- महानवमी (Mahanavami 2021) - नवरात्रि के अंतिम दिन देवी सिद्धिदात्री की पूजा होती है। इसी दिन माता की विदाई होती है। महानवमी पर भी कन्याओं का पूजन किया जाता है। नवें दिन माँ सिद्धिदात्री की आराधना की जाती है। इनके आशीर्वाद के बगैर व्यक्ति की मनोकामना पूर्ण नहीं होती।

15 अक्टूबर- विजयदशमी (Vijayadashami 2021) - 15 अक्टूबर को विजयदशमी का त्योहार मनाया जाएगा। विजयदशमी पर भगवान राम ने रावण का वध करके लंका पर विजय प्राप्ति की थी। इसके अलावा इस दिन मां दुर्गा ने दैत्य महिषासुर का वध भी किया था।

16 अक्टूबर - पापांकुशा एकादशी (Papankusha Ekadashi 2021) - 16 अक्टूबर को पापांकुशा एकादशी का व्रत रखा जाएगा। एकादशी तिथि पर भगवान विष्णु की उपासना की जाती है। इस तिथि पर व्रत रखते हुए भगवान विष्णु को प्रसन्न करने के लिए मंत्रों का जाप किया जाता है।

19 अक्टूबर- शरद पूर्णिमा, कोजागर पूजा (Sharad Purnima 2021) - इस बार 19 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा है। शरद पूर्णिमा को कोजागर पूर्णिमा भी कहा जाता है। शरद पूर्णिमा पर चंद्रमा सोलह कालाओं से युक्त होता है। इस दिन चांद की रोशनी में पूरी रात खीर रखी जाती है। मान्यता है कि इस दिन चंद्रमा की किरणों से अमृत बरसता है।

24 अक्टूबर- करवा चौथ (Karva Chauth 2021) - हिंदू धर्म में करवा चौथ व्रत का विशेष महत्व होता है। करवा चौथ का व्रत कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर रखा जाता है। इस दिन सुहागिन महिलाएं सजधज कर निर्जला व्रत रखते हुए अपने पति की लंबी आयु की कामना करती हैं।

28 अक्टूबर- अहोई अष्टमी (Ahoi Ashtami 2021) - अहोई अष्टमी व्रत का दिन करवा चौथ के चार दिन बाद और दीवाली पूजा से 8 दिन पहले पड़ता है। इस व्रत में माताएं अपने पुत्र की लंबी आयु के लिए व्रत रखती हैं।

Share this article
click me!