नवरात्रि के 9 दिनों में कौन-से काम करें और कौन-से काम करने से बचें?

Sharadiya Navratri 2022: हिंदू पंचांग के अनुसार, एक साल में 4 नवरात्रि होती है, लेकिन इन सभी में आश्विन मास की नवरात्रि सबसे विशेष मानी गई है। शरद ऋतु में आने के कारण इसे शारदीय नवरात्रि भी कहते हैं।
 

Manish Meharele | Published : Sep 11, 2022 9:32 AM IST / Updated: Sep 21 2022, 03:20 PM IST

उज्जैन. इस बार 26 सितंबर से 4 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्रि (Sharadiya Navratri 2022) का पर्व मनाया जाएगा। नवरात्रि में सभी भक्त अपने-अपने तरीकों से देवी को प्रसन्न करने की कोशिश करते हैं। नवरात्रि में कुछ बातों का विशेष रूप से ध्यान रखा जाता है, जैसे इस दौरान क्या न करें (What not to do in Navratri)? मान्यता है कि नवरात्रि में कुछ विशेष काम करने से देवी नाराज हो जाती हैं और उसके अशुभ फल हमें निकट भविष्य में देखने को मिल सकते हैं। आगे जानिए वो कौन-से काम हैं, जो नवरात्रि के दौरान नहीं करने चाहिए…

1. तामसिक भोजन न करें
नवरात्रि के दौरान ऐसा भोजन करने से बचना चाहिए, जिससे मन में उत्तेजना पैदा हो और बुरे विचार आएं। ऐसे भोजन को तामसिक कहा जाता है जैसे मांसाहार, लहसुन, प्याज आदि। इसके अलावा गरम मसाले जैसे काली मिर्च, लौंग, अजवाइन आदि का प्रयोग भी भोजन में नहीं करना चाहिए। नवरात्रि में सात्विक भोजन ही करना चाहिए, ऐसा धर्म ग्रंथों में बताया गया है।

2. बाल न कटवाएं, नाखून भी न काटें
नवरात्रि के 9 दिनों में और भी कई काम करने की मनाही है। इनमें से क्षौरकर्म भी एक है। क्षौर कर्म यानी नवरात्रि में बाल या दाड़ी नहीं कटवाना चाहिए। साथ ही नाखून भी नहीं काटना चाहिए। लेकिन इस दौरान बच्चों का मुंडन करवाया जा सकता है, क्योंकि ये शुभ कार्यों के अंतर्गत आता है।

3. ब्रह्मचर्य का पालन करें
नवरात्रि के 9 दिनों में पूरी तरह से मन पर नियंत्रण रखना चाहिए। इन 9 दिनों में ब्रह्मचर्य व्रत का पालन करना चाहिए। सिर्फ तन से ही नहीं मन और वचन से भी इस व्रत का पालन करना चाहिए। यानी ऐसी चीजों के बारे में सोचना और बोलना भी नहीं चाहिए। नवरात्रि के 9 दिनों में माता की साधना ही श्रेष्ठ है।

4. किसी महिला का अपमान न करें
वैसे तो जीवन में कभी-भी किसी महिला का अपमान नहीं करना चाहिए और नवरात्रि के दौरान तो इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए। धर्म ग्रंथों में नारी को देवी का ही रूप माना गया है। इसलिए नवरात्रि के 9 दिनों में कोई ऐसा काम नहीं करना चाहिए या ऐसी बात बोलनी चाहिए, जिससे किसी महिला को ठेस पहुंचें।

5. किसी भी तरह का नशा न करें
वैसे तो नशा करना सेहत के लिए बहुत ही हानिकारक होता है, इसलिए जीवन में कभी किसी भी प्रकार का नशा नहीं करना चाहिए। और अगर आप ऐसा करते हैं तो नवरात्रि के दौरान संयम बरतते हुए ये काम बिल्कुल भी न करें। ऐसा करने से देवी नाराज हो सकती हैं और आपको अशुभ परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

6. घर खाली न छोड़ें
कुछ लोग नवरात्रि के दौरान घरों में अंखड ज्योति स्थापित करते हैं। ये दीपक 9 दिनों तक लगातार जलता है। इस दौरान घर को सूना नहीं छोड़ना चाहिए यानी घर का कोई न कोई सदस्य घर में जरूर रहना चाहिए। नवरात्रि के दौरान घर सूना छोड़ना अशुभ माना जाता है। इसलिए भूलकर भी ऐसा नहीं करना चाहिए। 

7. घर में विवाद न करें
नवरात्रि के दौरान पूर्णत: संयम रखते हुए देवी की उपासना करना चाहिए। इस दौरान किसी पर भी गुस्सा नहीं करना चाहिए। अगर घर में किसी बात पर कोई विवाद होने की संभावना भी बने तो क्रोध पर नियंत्रण रखते हुए उसे टाल देना चाहिए। मन में क्रोध आने से माता की भक्ति में रुकावट पैदा होती है।

8. किसी को खाली हाथ न लौटाएं
नवरात्रि के दौरान अगर कोई आपके घर पर कुछ मांगने आए तो उसे खाली हाथ न लौटाएं। जितनी आपकी शक्ति और इच्छा हो, उसके अनुसार, उसे कुछ न कुछ जरूर दें। ऐसा करने से देवी की कृपा आप पर हमेशा बनी रहेगी और आपके घर में सुख-समृद्धि का वास रहेगा।


नवरात्रि में जरूर करें ये 3 काम
जिस तरह नवरात्रि में कुछ काम करने की मनाही होती है, उसी तरह इस दौरान कुछ काम विशेष रूप से करने चाहिए। इससे शुभ फलों की प्राप्ति होती है और जीवन में चल रही परेशानियां दूर हो जाती है। ये काम बहुत ही आसान हैं, इनमें हमें सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।
 

1. मंत्र जाप करें नवरात्रि में
नवरात्रि के दौरान मंत्र जाप जरूर करना चाहिए। वैसे तो मंत्र जाप के लिए सुबह का समय सबसे उपयुक्त होता है, लेकिन अगर इस समय मंत्र जाप न कर पाएं तो शाम को भी कर सकते हैं। धर्म ग्रंथों के अनुसार नवरात्रि में मंत्र जाप करने से पॉजिटिविटी एनर्जी बढ़ती है, जिससे हम जीवन में सफलता पा सकते हैं। 

2. नवरात्रि में उपवास रखें
नवरात्रि के दौरान उपवास रखने की परंपरा है। अगर आप पूरी तरह से उपवास रखने में असमर्थ हैं तो सिर्फ एक समय भोजन करें और दूसरे समय फलाहार (सिर्फ फल) कर सकते हैं। इससे शरीर का मेटाबॉलिज्म ठीक रहेगा और आप एनर्जेटिक बने रहेंगे। अगर आप किसी बीमारी से ग्रसित हैं तो डॉक्टर की सलाह पर ही उपवास रखें।

3. रोज सुबह देवी के दर्शन करें
नवरात्रि के दौरान रोज सुबह स्नान आदि करने के बाद सबसे पहले देवी के दर्शन करें। इससे आपका दिन शुभ रहेगा और किसी तरह की कोई परेशानी आपके सामने नहीं आएगी। अगर किसी मंदिर में दर्शन करने न जा पाएं तो घर के मंदिर में भी देवी के दर्शन कर सकते हैं।
 

ये भी पढ़ें-

Navratri 2022: चमत्कारी हैं देवी के ये 9 रूप, जानें नवरात्रि में किस दिन कौन-से रूप की पूजा करें?


Navratri 2022: क्यों मनाते हैं नवरात्रि पर्व, 9 दिनों तक ही क्यों मनाया जाता है ये उत्सव?

Navratri Recipe: शारदीय नवरात्र के हर दिन मां को लगाएं इन 9 चीजों का भोग, बनी रहेंगी माता रानी की कृपा

Share this article
click me!