Assam : पहले चरण में 72.30% मतदान, विश्वनाथ जिले में सबसे ज्यादा 82%, नाजिरा जिले में सबसे कम 64% वोटिंग

असम में शाम 6.30 बजे तक 72.30% मतदान हुआ। जिलों की बात करें तो विश्वनाथ में सबसे ज्यादा 82% और नाजिरा में सबसे कम 64% मतदान हुआ। असम में साल 2016 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो उस वक्त कुल मिलाकर 83.9% मतदान हुआ था।

Asianet News Hindi | Published : Mar 27, 2021 1:22 AM IST / Updated: Feb 02 2022, 10:28 AM IST

गुवाहाटी. असम विधानसभा चुनाव 2021 में पहले चरण के लिए शनिवार को मतदान हुआ। 47 सीटों पर 267 उम्मीदवारों के लिए मतदान का समय कोरोना की वजह से 1 घंटे बढ़ा दिया गया था। राज्य में जहां भाजपा दोबारा सत्ता में आने के लिए पूरी कोशिश में जुटी है। तो वहीं, कांग्रेस ने उसे बाहर का रास्ता दिखाने के लिए एआईयूडीएफ, वाम दलों से हाथ मिलाया है। ऐसे में असम में भाजपा के लिए चुनौती 2016 के प्रदर्शन को दोहराने की है।

शाम 6.30 बजे तक 72.30% मतदान हुआ

असम में शाम 6.30 बजे तक 72.30% मतदान हुआ। जिलों की बात करें तो विश्वनाथ में सबसे ज्यादा 82% और नाजिरा में सबसे कम 64% मतदान हुआ। असम में साल 2016 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो उस वक्त कुल मिलाकर 83.9% मतदान हुआ था।

सीएम ने कहा- हमारे सारे उम्मीदवार जीतेंगे

चुनाव आयोग के मुताबिक दोपहर 12 बजे तक 26.37 प्रतिशत मतदान हुआ है। मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ के जेपी नगर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान किया। मतदान के बाद सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, हमारे सारे उम्मीदवार जीतेंगे।

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने असम विधानसभा चुनाव के पहले चरण में जोरहाट में मतदान किया। असम में पहले चरण के मतदान में सुबह 11 बजे तक 24.48 फीसदी मतदान हुआ। इस बीच सीएम सोनोवाल ने भी मतदान किया। उन्होंने कहा कि हम 100 से ज्यादा सीट जीत रहे हैं।

जेपी नड्डा ने कहा- रिकॉर्ड वोटिंग करें

इस बीच जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा, असम विधानसभा चुनावों में आज प्रथम चरण का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरी विनती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोकतंत्र के इस पावन पर्व में भागीदार बनें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान भी अवश्य रखें।

चुनाव आयोग के मुताबिक सुबह 9 बजे तक असम विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 8.84% और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 7.72% मतदान हुए हैं।

इन 47 सीटों पर 2016 में क्या था नतीजे

असम में पहले चरण में 47 सीटों पर मतदान हुआ। जिन सीटों पर वोटिंग हुई, वहां भाजपा ने 27 सीटें जीती थीं। जबकि भाजपा की सहयोगी असम गणपरिषद ने 8 सीटों पर कब्जा किया था। जबकि कांग्रेस ने 9 और एआईयूडीएफ ने दो सीटें जीती थीं। 

असम में बदले समीकरण

इस बार असम के राजनीतिक समीकरण में काफी बदलाव हुआ है। दरअसल, विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़ रहा है। भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए कांग्रेस लेफ्ट और एआईयूडीएफ के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरी है। जबकि भाजपा एजेपी के साथ चुनाव में हैं। लेकिन इस बार बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है। 

असम में इन सीटों पर मतदान हुआ

ढेकियाजुली, बरचल्ला, बाताडोरबा,रुपोहिहाट, समागुरी, कालीबार, बोकाहाट,सरुपाथर, गोलाघाट, खुमतई, डेरागांव, जोरहाट, तेजपुर, रंगापारा, सुतिया, बिश्वनाथ, बेहाली, गोहपुर, धींग, तिताबोर, मरियानी, टियोक, माजुली, अमगुड़ी, नाजिरा, थोवरा, शिवसागर, महमारा, सोनारी, बिहपुरिया, नौबोइचा, लखीमपुर, धकुआखाना, धेमाजी, जोनाई, मोरन, डिब्रूगढ़, लाहोवाल, दुलियाजान, टिंगखोंग, नहरकटिया, चौबा, तिनसुकिया, दिगवोई, मारघेरिता, डूम डूमा औक सादिया।

ये बड़े चेहरे हैं मैदान में

असम में पहले चरण में भाजपा नेता और मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल (माजुली सीट), विधानसभा अध्यक्ष हितेंद्र नाथ (जारेहाट), रंजीत दत्ता (बेहाली) की किस्मत दांव पर हैं। जबकि भाजपा की सहयोगी एजेपी नेता और मंत्री अतुल बोरा (बोकाखाट) और केशव महंत (कलियाबोर) भी चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि कांग्रेस नेता रिपुन बोरा (गोहपुर), विधायक दल के नेता देवव्रत सौकिया (नाजिरा सीट) से मैदान में हैं। 
 
कैसा रहा चुनाव प्रचार?

इस चुनाव में भाजपा सत्ता में बनी रहने के लिए पूरी जोर लगा रही है। वहीं, कांग्रेस ने उसे बाहर करने के लिए सभी हथकंडे अपना लिए हैं। भाजपा की ओर से असम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मप्र के सीएम शिवराज सिंह, भाजपा सांसद मनोज तिवारी समेत तमाम बड़े नेताओं ने चुनाव प्रचार किया। पीएम मोदी ने पहले चरण से पहले बिहपुरिया, छाबुआ, बोकाखाट, करीमगंज में रैलियां कीं। वहीं, कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी ने तमाम जनसभाएं कीं। 

असम: 259 उम्मीदवार मैदान में, 41 पर आपराधिक मामले

असम में पहले चरण में 259 उम्मीदवार मैदान में हैं। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से 41 पर आपराधिक मामले हैं। वहीं, 34% पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुल उम्मीदवारों में 101 उम्मीदवार करोड़पति हैं। 

असम में कितने वोटर हैं?

चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार विधानसभा चुनाव के लिए 2,31,86,362 वोटर हैं। इनमें से 1,17,42,661 पुरुष और 1,14,43,259 महिला और 442 थर्ड जेंडर वोटर हैं।

Share this article
click me!