असम में राहुल गांधी-'CAA सिर्फ एक कानून नहीं है, ये आपके इतिहास, भाषा और भाईचारे पर आक्रमण है'

Published : Mar 31, 2021, 09:51 AM ISTUpdated : Mar 31, 2021, 05:28 PM IST
असम में राहुल गांधी-'CAA सिर्फ एक कानून नहीं है, ये आपके इतिहास, भाषा और भाईचारे पर आक्रमण है'

सार

असम विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए 6 अप्रैल को होने जा रही वोटिंग के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को यहां कामरूप और नलबारी जिले में चुनावी रैलियां कर रहे हैं। मंगलवार को मौसम खराब होने से उनका हेलिकाप्टर नहीं उतर पाया था। इस वजह से वे प्रचार नहीं कर सके थे। चुनाव प्रचार से पहले राहुल गांधी गुवाहाटी स्थित प्रसिद्ध कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे।

गुवाहाटी, असम. भाजपा की तरह कांग्रेस के लिए भी असम का चुनाव प्रतिष्ठा बना हुआ है। भाजपा CAA लागू करने पर जोर दे रही है, तो कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए तीन चरण में चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में 27 मार्च को वोटिंग हो चुकी है। दूसरे चरण में 1 अप्रैल को वोटिंग होगी। जबकि तीसरा और अंतिम चरण 6 अप्रैल को होगा। तीसरे चरण के चुनाव प्रचार के लिए राहुल गांधी बुधवार को कामरूप और नलबारी जिले में रैलियां कर रहे हैं। कांग्रेस ने असम में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) से गठबंधन किया है। इसके प्रमुख मौलाना बदरुद्दीन अजमल हैं। चुनाव प्रचार से पहले राहुल गांधी गुवाहाटी स्थित प्रसिद्ध कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। राहुल गांधी मंगलवार को यहां चुनाव प्रचार करने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका हेलिकाप्टर नहीं उतर सका था।

मंदिर में पूजा के बाद बोले राहुल गांधी-कांग्रेस पार्टी ने पांच गारंटी दी हैं, ये हमारा चुनाव का मुख्य मुद्दा है। हम बीजेपी नहीं हैं, हमने छत्तीसगढ़, पंजाब, कर्नाटक में कहा था ​कि कर्जा माफ करेंगे और किया। राहुल ने कहा-असम, सम्मान व प्रगति के लिए इस संघर्ष में हम आपके साथ हैं।

राहुल ने कहा

  • कामरूप में बोले- मैं यहां आपसे झूठ बोलने नहीं आया हूं। मेरा नाम नरेंद्र मोदी नहीं है। अगर आप झूठ सुनना चाहते हैं, असम के बारे में, किसान या अन्य किसी भी बारे में..तो टीवी ऑन कीजिए...नरेंद्र मोदी के चेहरे को देखिए और जितना चाहें, उतना सुनिए। वे देश में चौबीस घंटे झूठ बोलत हैं।
    नरेंद्र मोदीजी ने नोटबंदी की आपकी जेब से पैसा निकाला, जीएसटी लागू की आपकी जेब से पैसा निकाला,अब ये तीन काले कृषि कानून लाए हैं, ये किसानों की जेब से पैसा निकाल रहे हैं, उन्हें बर्बाद कर देंगे।
  • 2019 में CAA के विरोध के दौरान गुवाहाटी में मारे गए दीपांजल दास के परिवार से मिलने गया, तो महसूस किया कि गोलियां सिर्फ एक युवक पर नहीं चलाई गई थीं, बल्कि असम पर फायर किया गया था, असम की हत्या का प्रयास किया गया था। वो सिर्फ एक युवा नहीं, विचार था।
  • बीजेपी रोजगार देने की कोशिश नहीं करती, युवाओं की मदद करने की कोशिश नहीं करती, उल्टा असम पर आक्रमण करती है। सीएए असम पर आक्रमण है, ये सिर्फ एक कानून नहीं है ये आपके इतिहास, भाषा और भाईचारे पर आक्रमण है और इसलिए हम इसे रोक रहे हैं।
  • हमने पांच गारंटी का वादा किया है। इसमें विवादित नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को असम में लागू नहीं करना, पांच लाख युवकों को रोजगार मुहैया कराना, सभी घरों को हर महीने 200 यूनिट बिजली नि:शुल्क उपलब्ध कराना, प्रत्येक गृहिणी को 2,000 रुपये की मासिक सहायता देना और साथ ही चाय बागान कामगारों की न्यूनतम दिहाड़ी 193 रुपये से बढ़ाकर 365 रुपये करना शामिल है।
  • हम भाजपा की तरह नहीं हैं। हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। हमने पंजाब, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, सत्ता में आने पर इसे पूरा किया।
  • हमने मनरेगा दिया, करोड़ों लोगों को 100 दिन का रोजगार। आज ये असम में मनरेगा का पैसा आपसे चोरी करते हैं, मनरेगा का पैसा गायब कर देते हैं। 
  • जो रोजगार पैदा करते थे, उनको तो नरेंद्र मोदी ने खत्म कर दिया। जो छोटे व्यापारी थे, जो किसान हैं, मिडिल साइज़ बिजनेस हैं, जो असम को पहले रोजगार देते थे उनको तो मोदी जी ने तबाह कर दिया। क्यों तबाह किया? अपने 2-3 मित्रों की मदद करने के लिए!
  • हिन्दुस्तान में सबसे ज्यादा बेरोजगारी असम में है। असम के युवा रोजगार ढूंढने निकलते हैं, लेकिन मिलता नहीं है। कैसे मिलेगा रोजगार? कहाँ से मिलेगा? उन्हें कुछ पता नहीं।

 

असम के कामाख्या देवी मंदिर में श्री @RahulGandhi ने धार्मिक अनुष्ठान कर अपने दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत की।

असम की एकता, संस्कृति, भाषा की रक्षा के लिए माता का आशीर्वाद मांगा।#IndiaProgressesWithCongress pic.twitter.com/ZMOC3lVQZj

 

 

 

 

 

 

PREV

Recommended Stories

'ये अयोध्या नहीं जो बाबरी को कोई हाथ लगा दे', हुमायूं कबीर ने फिर उगला जहर
हिजाब विवाद: Giriraj Singh और Mehbooba Mufti में सियासी जंग!