
Rusty Brake Rotor: आपकी गाड़ी कोई भी हो, उसका मेंटेनेंस बहुत जरूरी है। लोहे के पार्ट्स पर बारिश के दिनों में जंग लगना बहुत नॉर्मल सी बात है। गाड़ी के ब्रेक के ऊपरी हिस्से पर अक्सर जंग की एक पतली परत जम जाती है। इसी वजह से जब आप ब्रेक लगाते हैं, तो एक अजीब सी आवाज आती है। ये आवाजें हमेशा खतरनाक नहीं होतीं, लेकिन कुछ सिग्नल्स को आपको सीरियसली लेना चाहिए।
गाड़ियों के रिम और ब्रेक जैसे कई हिस्सों में बारिश के दौरान जंग लग जाती है। ब्रेक डिस्क और पैड के पास जंग लगने की वजह से जब आप गाड़ी चलाते हुए ब्रेक लगाते हैं, तो आवाज आती है। यह बिल्कुल नॉर्मल है। गाड़ी अगर थोड़ी दूर चलने के बाद या एक-दो बार ब्रेक लगाने के बाद यह आवाज करना बंद कर दे, तो इसका मतलब है कि कोई दिक्कत नहीं है।
आपकी गाड़ी अगर थोड़ी दूर चलने के बाद भी ब्रेक लगाने पर लगातार आवाज कर रही है, तो यह ब्रेक में खराबी का साफ इशारा है। आपको तुरंत अपना ब्रेक सिस्टम चेक करवाना चाहिए। ब्रेक रोटर पर लगी जंग कई बार रोटर को ही खराब कर देती है। इससे डिस्क और ब्रेक पैड दोनों को नुकसान पहुंचता है। जंग की वजह से ब्रेक हार्डवेयर और लुब्रिकेशन से जुड़ी दिक्कतें भी शुरू हो जाती हैं। ब्रेक, रोटर और डिस्क के ज्यादा गर्म होने से ब्रेकिंग के दौरान गंभीर समस्याएं आ सकती हैं, जैसे ब्रेक का जाम होना या ब्रेक का बिल्कुल न लगना। आप जब भी ब्रेक लगाएं और आवाज आए, तो तुरंत किसी मैकेनिक या सर्विस सेंटर पर जाकर ब्रेक पैड, रोटर और कैलिपर जरूर चेक करवाएं।
ब्रेक लगाते समय आपको सिर्फ आवाज पर ही नहीं, बल्कि कुछ और बातों पर भी ध्यान देना चाहिए। गाड़ी का स्टीयरिंग या पूरी गाड़ी अगर ब्रेक लगाते समय वाइब्रेट कर रही है, तो तुरंत ब्रेक चेक करवाएं। ब्रेक पैडल अगर दबाने पर बहुत अंदर तक जा रहा है या ब्रेक सही से नहीं लग रहे हैं, तो यह भी खतरे की घंटी है। ब्रेक लगाने पर अगर गाड़ी एक तरफ भाग रही है या अपनी तय जगह पर नहीं रुक रही है, तो आपको बिना देरी किए मैकेनिक के पास जाना चाहिए।
ब्रेक लगाने पर अगर जलने की बदबू आ रही है, या फिर डैशबोर्ड पर ABS और ब्रेक वॉर्निंग लाइट ब्लिंक कर रही है, तो इसे हल्के में न लें। गाड़ी अगर थोड़ी सी ही चली है और फिर भी ब्रेक डिस्क या रोटर बहुत ज्यादा गर्म हो रहे हैं, तो आपको तुरंत अपने ब्रेक की जांच करवानी चाहिए।
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।