
नई दिल्ली: भारत में वाहनों और कलपुर्जों के विनिर्माताओं के संबंधित उद्योग संगठनों ने अपने सदस्यों को कोरोना वायरस महामारी के चलते संयंत्र बंद करने के लिए कहा है।
कोविड-19 के चलते बिगड़ती परिस्थितियों के मद्देनजर सियाम (सोसाइटी ऑफ इंडियान ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर) और एसीएमए (वाहन कलपुर्जा विनिर्माता संघ) ने अपने सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे संयंत्रों को बंद करने पर विचार करें।
अपने संयंत्रों को अस्थाई रूप से बंद करने पर विचार करें
सियाम के अध्यक्ष राजन वढेरा ने कहा कि मूल उपकरण निर्माता (ओईएम) और ऑटो कलपुर्जा उद्योग के सदस्यों से कहा गया है कि संकट के इस दौर में अपने संयंत्रों को अस्थाई रूप से सीमित अवधि के लिए बंद करने पर विचार करें, ताकि कर्मचारी इस वायरस से संक्रमित न हों।
मारुति सुजुकी इंडिया, टाटा मोटर्स, हुंडई, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर और हीरो मोटोकॉर्प पहले ही अपनी संबंधित विनिर्माण इकाइयों को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा कर चुके हैं।
टीवीएस मोटर के संयंत्र दो दिनों के लिए बंद
दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी टीवीएस मोटर ने सोमवार को कहा कि वह अपने कर्मचारियों को कोरोना वायरस महामारी से बचाने के लिए अपने सभी संयंत्रों में उत्पादन दो दिनों के लिए बंद कर रही है। टीवीएस मोटर कंपनी ने एक बयान में कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर और अपने कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए कंपनी ने अंतरिम उपाय के तौर पर अपने सभी विनिर्माण संयंत्रों और कार्यालयों में कामकाज को दो दिन के लिए बंद करने का फैसला किया है।
कंपनी ने कहा कि स्थिति की समीक्षा के बाद वह आगे कदम उठाएगी।
(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)
Auto News in Hindi: Read Automobile news (ऑटोमोबाइल न्यूज़), Auto Industry Trends, Car and Bike news, New Launched Cars and Bikes, Commercial Vehicle news, Auto reviews, features and price on Asianet News Hindi.