
हुंडई ने अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर Exter का 2026 फेसलिफ्ट मॉडल भारत में लॉन्च कर दिया है। इस नई कार में डिजाइन से जुड़े कुछ हल्के-फुल्के बदलाव और कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 5.80 लाख रुपये से शुरू होकर 9.42 लाख रुपये तक जाती है। इंजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कंपनी ने अपनी नई जेनरेशन Venue और Verna फेसलिफ्ट की तरह ही, नई Exter के वेरिएंट्स के नाम भी अब बदल दिए हैं।
सबसे पहले बात करते हैं इंटीरियर की। नई 2026 हुंडई एक्सटर फेसलिफ्ट में पुराने ऑल-ब्लैक इंटीरियर की जगह अब नेवी ब्लू और ग्रे कलर का नया डुअल-टोन केबिन दिया गया है। इसके अलावा, नया फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील, डैशबोर्ड पर फॉक्स कार्बन-फाइबर जैसा नया डिजाइन और सीटों पर अपडेटेड सेमी-फैब्रिक अपहोल्स्ट्री इसके प्रीमियम लुक को और बढ़ाते हैं।
फीचर्स की बात करें तो, नई एक्सटर में अब पीछे की सीटों पर एडजस्टेबल हेडरेस्ट और ड्राइवर के लिए हाइट-एडजस्टेबल सीट स्टैंडर्ड तौर पर दी गई है। साथ ही, इस कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर में पीछे बैठे पैसेंजर्स के लिए टाइप-सी USB पोर्ट, ड्राइवर सीट के लिए एक अलग आर्मरेस्ट, पोर्टेबल एडॉप्टर के जरिए वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले और नए मेटल पैडल जैसे फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
बाहर से देखें तो, कार के फ्रंट लुक को रिफ्रेश किया गया है। इसमें नई डिजाइन की ग्रिल, निचले हिस्से में सिल्वर ट्रिम और ब्लैक फिनिश वाला बंपर दिया गया है। 'Exter' की बैजिंग को भी थोड़ा बदला गया है। व्हील आर्च पहले से ज्यादा स्पोर्टी दिखते हैं और इसमें नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स भी मिलते हैं। कार के अन्य डिजाइन हाइलाइट्स में नया सी-पिलर गार्निश, ब्लैक फिनिश वाला रियर बंपर और नया स्प्लिट स्पॉइलर शामिल है।
नई हुंडई एक्सटर में पहले की तरह ही 1.2-लीटर, 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स ऑप्शन के साथ आता है। यह मोटर 83 bhp की अधिकतम पावर और 114 Nm का टॉर्क जेनरेट करती है। वहीं, CNG वेरिएंट में बूट फ्लोर के नीचे डुअल-सिलेंडर CNG किट लगाई गई है। CNG मोड में यह कार 69 bhp की पावर और 95 Nm का टॉर्क देती है।
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।