
फ्रांस की कार कंपनी रेनो (Renault) भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए एक नई स्ट्रैटेजी के साथ उतर रही है। कंपनी का लक्ष्य अगले पांच सालों में भारत में 3 से 5 प्रतिशत का मार्केट शेयर हासिल करना है। इसके लिए कंपनी हर साल एक नया मॉडल लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसी प्लान के तहत 2026 में तीसरी पीढ़ी की रेनो डस्टर बाजार में दस्तक देगी।
कंपनी ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि नई रेनो डस्टर 17 मार्च, 2026 को लॉन्च होगी। इस SUV को पूरी तरह से नए डिजाइन, ज्यादा प्रीमियम इंटीरियर और दमदार टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन के साथ लाया जाएगा। भारत में डस्टर एक बहुत पॉपुलर मॉडल रहा है, इसलिए लोग इसके नए अवतार का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इसके साथ ही, कंपनी ने टीज़र इमेज जारी करके एक नई कॉन्सेप्ट SUV, रेनो ब्रिजर (Renault Bridger) की झलक भी दिखाई है, जो काफी सुर्खियां बटोर रही है। यह कॉन्सेप्ट मॉडल 10 मार्च को ग्लोबली पेश किया जाएगा। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे भारतीय बाजार में आने में थोड़ा और समय लगेगा। माना जा रहा है कि यह एक सब-फोर मीटर SUV होगी, जिसे भारत में ही डिजाइन और डेवलप किया जाएगा।
नई डस्टर शुरुआत में दो इंजन ऑप्शन के साथ बाजार में आएगी। इसका 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 163 bhp की पावर और 280 Nm का टॉर्क देगा। वहीं, 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 100 bhp की पावर और 160 Nm का टॉर्क पैदा करेगा। सभी वेरिएंट्स में 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स स्टैंडर्ड होगा, जबकि 1.3-लीटर टर्बो इंजन वाले मॉडल में 6-स्पीड DCT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन भी मिलेगा। रिपोर्ट्स की मानें तो 2026 की दिवाली के आसपास डस्टर का हाइब्रिड वर्जन भी लॉन्च करने की योजना है, जिसमें 1.8-लीटर पेट्रोल-हाइब्रिड पावरट्रेन होगा।
टीज़र के मुताबिक, रेनो ब्रिजर कॉन्सेप्ट मॉडल का डिजाइन बॉक्सी और ऊंचा है, जो कुछ-कुछ लैंड रोवर डिफेंडर की याद दिलाता है। इसमें खास डिजाइन वाले टेल लैंप, टेलगेट पर लगा स्पेयर व्हील और 'ब्रिजर कॉन्सेप्ट' की बैजिंग जैसी खूबियां हैं। कंपनी ने साफ किया है कि यह एक अर्बन SUV होगी, जिसमें यात्रियों के आराम और स्पेस से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, जब यह मॉडल बाजार में आएगा तो इसका मुकाबला मारुति जिम्नी और महिंद्रा थार जैसी गाड़ियों से होगा। यह भी कहा जा रहा है कि ब्रिजर में रेनो काइगर (Kiger) में इस्तेमाल होने वाला 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन ही दिया जा सकता है।
नई कार, बाइक, EV लॉन्च, कीमत, माइलेज और फीचर्स की जानकारी अब सरल भाषा में पाएं। ऑटो इंडस्ट्री ट्रेंड्स, टेस्ट ड्राइव रिव्यू और खरीद गाइड्स के लिए Auto News in Hindi सेक्शन पर जाएं। ऑटोमोबाइल दुनिया की हर बड़ी अपडेट — पहले और भरोसे के साथ।