RJD का घोषणापत्र: 10 लाख नौकरियों के अलावा तेजस्वी यादव ने जनता से और वादे क्या किए?

इसमें बिहार में सरकार बनाने के बाद कई लोकलुभावन वादों को पूरा करने का वचन दिया गया है। घोषणापत्र को "प्रण हमारा संकल्प बदलाव का" नाम दिया गया है। 
 

Asianet News Hindi | Published : Oct 24, 2020 5:08 AM IST / Updated: Oct 24 2020, 11:23 AM IST

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं की मौजूदगी में महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव (Tejashwi yadav) ने पार्टी का घोषणा पत्र (RJD Manifesto) जारी किया। इसमें बिहार में सरकार बनाने के बाद कई लोकलुभावन वादों को पूरा करने का वचन दिया गया है। घोषणापत्र को "प्रण हमारा संकल्प बदलाव का" नाम दिया गया है। 

घोषणापत्र में 17 अहम मुद्दों को जगह दी आई है। तेजस्वी का वह वादा भी है जिसमें सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में 10 लाख सरकारी नौकरियां भी शामिल हैं। घोषणापत्र में युवाओं, बेरोजगारों, किसानों और गरीब जनता को फोकस किया गया है। रोजगार के अलावा राज्य में कृषि और उद्योग को बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। आरजेडी के घोषणापत्र से पहले महागठबंधन का संयुक्त घोषणापत्र भी जारी किया गया है।  

पूरा बजट भी खर्च नहीं कर पा रहे नीतीश 
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाए, "नीतीश कुमार की अयोग्य सरकार सिर्फ़ 60% बजट का हिस्सा ही ख़र्च कर पाती है। क्या बाकी बचे धन को भी जनकल्याण व अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए कोई योग्य व तत्पर सरकार सदुपयोग नहीं कर पाएगी। बिहार नहीं भूला है कि किस तरह सुशील मोदी जी ने हाथ ऊपर कर लिए थे कि मजदूर भाइयों को ला नहीं सकते क्योंकि राज्य के पास संसाधन नहीं हैं। बदमाशों से हाथ जोड़ पितृपक्ष भर अपराध नहीं करने की विनती की। हाफ पैंट पहन पड़ोसियों को जलजमाव में छोड़ भागे थे। कहा- बिहारियों को पलायन में मज़ा आता है। सरकार ने कहा था कि श्रमवीर भाई बिहार में चोरी डकैती करेंगे।"

सभी को स्थायी सरकारी नौकरी, माफ करेंगे किसानों का कर्ज
तेजस्वी ने कहा कि अगर आरजेडी की सरकार बनी तो बिहार में किसी को संविदा पर नौकरी नहीं देंगे। बल्कि सभी को पक्की नौकरी देंगे। इसके साथ ही एक जैसे काम के लिए सभी को एक जैसा वेतन भी देंगे। तेजस्वी ने वादा किया है कि सरकार बनाने के बाद किसानों का कर्ज माफ करेंगे। 85 फीसदी आरक्षण देने और शिक्षा बजट पर 22 फीसदी रकम खर्च करने का वादा भी किया है। घोषणापत्र में तेजस्वी यादव ने आरोप लगाए हैं कि 15 साल से नीतीश सरकार ने कई क्षेत्रों में कुछ नहीं किया। रोजगार की खराब हालत, बंद काम धंधों का आरोप लगाया है। यह भी कहा गया है कि बिहार की हालत बेहद खराब है और सूचकांक में बिहार कई राज्यों से बेहद पीछे है। 

गांवों को स्मार्ट बनाने का वादा 
आरजेडी के घोषणापत्र में गांवों को स्मार्ट बनाने, महिला सशक्तिकारण और परिवार कल्याण, उच्च शिक्षा और रोजगार, स्वयं सहायता समूहों को ज्यादा सक्षम बनाने, गरीबी उन्मूलन जैसे कई बड़े वादे किए गए हैं।     

Share this article
click me!