अररिया में PM मोदी बोले- डबल युवराजों को बिहार ने नकारा, बनेगी गरीबों की NDA सरकार

मोदी ने कहा- कोरोना के दौर में जिस तरह बिहार के लोग लोकतन्त्र के निकले वो पूरी दुनिया को एक बड़ा संदेश है। कोरोना के भय में भी लोकतंत्र के लिए बिहार का ये जज्बा भरोसा जगाने वाला है। पीएम ने चुनाव आयोग को भी बधाइयां दी। 

Asianet News Hindi | Published : Nov 3, 2020 4:30 AM IST / Updated: Nov 03 2020, 02:13 PM IST

फारबिसगंज(अररिया)/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे फेज में आज अररिया पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर बिहार आत्मनिर्भर देश के लिए एनडीए के हर उम्मीदवार को जिताने की अपील की। मोदी ने कहा- बिहार में बदलाव का एक दौर एनडीए के शासन में पूरा हुआ। अब एनडीए के नेतृत्व में राज्य को आधुनिक विकास के दूसरे चरण में लेकर जाना है। इसके लिए बुनियादी सुविधाओं के साथ बिहार के हर इलाके में बेहतर कनेक्टिविटी की जरूरत है। एनडीए सरकार इसी दिशा में काम कर रही है। मोदी ने कहा- "आत्मनिर्भर बिहार का संकल्प सभी की भागीदारी से संभव है। इस संकल्प के लिए आपका एक-एक वोट एनडीए के उम्मीदवारों को मिलना चाहिए। मैं आपके उत्साह और आशीर्वाद को कभी भूल नहीं सकता।" अररिया रैली में पीएम मोदी का स्वागत पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने किया। मोदी ने क्या-क्या बड़ी बातें कहीं आइए जानते हैं... 

#1. एनडीए से पहले बिहार की थी नकारात्मक पहचान 
अररिया में मोदी ने कहा- "एक समय था जब बिहार की पहचान नकारात्मक होने लगी थी। किन लोगों ने बनाई थी? इसे आप बेहतर जानते हैं। क्या हाल बनाकर रखा था बिहार का। मुझे खुशी है कि आज बिहार की पहचान बदल रही है जिनकी पूरी दुनिया में  चर्चा हो रही है।" 

#2. हर गांव में बराड़ बैंड की कनेक्टिविटी 
मोदी ने कहा- "कुछ दिन पहले ही बिहार के हर गांव को ब्राडबैंड इन्टरनेट से जोड़ने के अभियान की शुरुआत हुई है। युवा बेहतर अवसरों से जुड़ पाएंगे। जीविका दीदियों को भी बहुत बड़ा फायदा होगा। उनकी बनाई चीजें और आसानी से दुनिया के बड़े-बड़े बाज़ारों तक पहुंच पाएगी। मक्का, मखाना, केला यहां की विशेषता है। आत्मनिर्भर बिहार इन उत्पादों को देश दुनिया के बड़े बाज़ारों में और आसानी से पहुंचाएगा, पहले से ज्यादा पहुंचाएगा। कानूनी सुधार और फंडों से इसे फायदा मिलेगा। गांव के पास ही भंडारण की सुविधा मिलेगी। किसान और युवाओं को एक लाख के विशेष फंड से बहुत लाभ होगा।"

#3. बिहार का युवा सामर्थ्यवान, मौका मिला तो करेगा कमाल  
मोदी ने कहा- "बिहार का युवा इतना सामर्थ्यवान है कि सुविधा पाकर कमाल कर सकता है। इसी सोच के साथ हर जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, लोकसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों पर हम ध्यान दे रहे हैं। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति से भी यहां के युवाओं को लाभ मिलेगा। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृभाषा में मेडिकल इंजीनियरिंग जैसी पढ़ाई का विकल्प दिया गया है उसे भी बिहार में लागू किया जाएगा। अंग्रेजी नहीं जानने वाला गरीब का बेटा भी इंजीनियर बन सकता है।"   

#4. कनेक्टिविटी के लिए गैस ग्रिड 
मोदी ने कहा - "कनेक्टिविटी के लिए आज दुनिया में गैसग्रिड का ज़ोर है। आज बिहार देश के उन कुछ राज्यों में है जहां गैस ग्रिड कनेक्टिविटी का बहुत ज्यादा विस्तार होने जा रहा है। बिहार में खाद, बिजली और स्टील इंडस्ट्री से इस गैस पाइप लाइन से नई ऊर्जा सुनिश्चित हुई है। सस्ती रसोई गैस के पाइप लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। जब ये काम पूरा होगा आपकी रोज़मर्रा की दिक्कतें कम हो जाएंगी।" 

#5. 60 लाख परिवारों को पीने का पानी  
मोदी ने कहा- "कोसी और सीमांचल सहित बिहार का एक बड़ा क्षेत्र पानी के कुप्रभाव और अभाव दोनों प्रकार की चुनौती का सामना करता रहा है। एनडीए ने दोनों को कम करने के लिए निरंतर काम किया। कोरोना काल में ही 60 लाख से ज्यादा परिवारों को पाइप से पानी की सुविधा दी गई है। हर घर तक पानी पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है। कनेक्टिविटी के बिना आधुनिकता की ओर नहीं जा सकते। हम उसके लिए भी पूरी ताकत से लगे हुए हैं। अटल जी के समय इस इलाके में सड़क संपर्क सुधारने पर ज़ोर दिया गया।"

#6. पूरी हुई सालों पुरानी मांग 
मोदी ने कहा- "पीएम पैकेज में भी कनेक्टिविटी सुधारने के लिए सबसे ज्यादा ज़ोर दिया गया। अनेक हाइवे के निर्माण और चौड़ीकरण पर इस क्षेत्र में एक हजार करोड़ से ज्यादा खर्च किए जा रहे हैं। रेललाइनों के आधुनिकीकरण  पर 4.5 करोड़ निवेश किया जा रहा है।  इन कामों को रुकने नहीं देना है। पहले ये काम कभी नहीं हुए। हमारे प्रयासों का एक बड़ा प्रमाण है कोसी महासेतु। ये तीन पीढ़ियों के दिल दिमाग में छाया हुआ है। कोसी का पुराना पल टूटने के बाद दशकों से पुल नहीं बन पाया। मिथिला बंटा हुआ था। अब कोसी पुल के बाद ये पूरा क्षेत्र फिर से एक हुआ है।" 

#7. स्वामित्व कार्ड से गांव बदलेगा 
गांव में जमीन के मालिकाना हक को लेकर मोदी ने कहा- "पहले घर के कब्जे होने का भय बना रहता था। मार काट हो जाती थी। हर गांव में ये मुसीबत थी। इस परेशानी को दूर करने के लिए भारत सरकार ने स्वामित्व योजना शुरू की। इस योजना के तहत गांव के लोगों को घर का जमीन का प्रॉपर्टी कार्ड दिया जा रहा है। इसके मिलने से दो बड़े फायदे होंगे। एक- तो ये कोई कब्जा नहीं कर सकता और दूसरा ये कि वो प्रॉपर्टी कार्ड दिखाकर बैंक से कर्ज ले सकता है और सम्मान से जिंदगी को आगे बढ़ा सकता है। बिहार में एनडीए सरकार बनने के बाद यहां भी लागू किया जाएगा। गरीब की दिक्कत समझने वाले ही काम करते हैं। लेकिन गरीब के माला जपने वाले मूर्ख बनाने वाले जनता को लूटने और अपने कुनबे के लिए करते हैं। ये लोग कभी आपका दर्द नहीं समझ सकते।"

#8. माताओं बहनों के आशीर्वाद से अजेय बना मोदी 
पीएम ने कहा- "मोदी चुनाव इसलिए जीतता है क्योंकि माताओं बहनों की उनकी बेटियों की चिंता दूर करने का काम मोदी करता है। यहां अररिया में भी 80 हजार गरीबों को पीएम आवास योजना में पक्का घर दिया जा चुका है। जिन लोगों को अभी घर नहीं मिल पाया है काम चल रहा है आपका घर भी जल्द से जल्द बनेगा। और इसके लिए जब नीतीश बाबू दोबारा आ जाएंगे फिर से तेज काम शुरू होगा।" 

#9. 25 लाख गरीबों को घर देने का काम 
मोदी ने कहा - "आज एनडीए की सरकार देश के बिहार के लोगों की एक-एक परेशानी को दूर करने के लिए काम कर रही है। अपना घर होता है तो आत्मविश्वास अपने आप बढ़ जाता है। इसी सोच के साथ देश के हर गरीब को पक्के घर देने का अभियान चल रहा है। बिहार में 25 लाख गरीब परिवारों को घर देने का काम चल रहा है। 13 लाख को सौंपा जा रहा है।"  

#10. जनता ने कांग्रेस को बनाया खस्ताहाल 
मोदी ने कहा- "बिहार में कहा जाता है- दूसरे का धन है तो चाहे जितना लूटो। याद करिए दशकों पहले बोलते थे गरीबी हटाएंगे। किसान का कर्ज माफ करेंगे। फ़ौजियों से कहते थे वन रैंक पेंशन लागू करेंगे टैक्स का जाल कम करेंगे। बातें बहुत की। दस्तावेज़ मौजूद हैं। गुमराह किया, लेकिन एक भी काम नहीं किया। जनता को लंबे अरसे तक मूर्ख नहीं बना सकते। देखिए जनता ने कांग्रेस की क्या हालत की है। आज कांग्रेस की हालत ये है कि लोकसभा और राज्यसभा दोनों को मिला दें तो भी कांग्रेस के पास 100 सांसद नहीं है। ये हाल जनता ने किया है। जब भी मौका मिलता है जनता आज भी उनको सजा देती है।" 

#11. कथनी करनी में अंतर से कांग्रेस को मिली सजा 
मोदी ने कहा- "कई राज्य ऐसे हैं जहां जनता ने कांग्रेस के एक भी सदस्य को लोकसभा और राज्यसभा नहीं पहुंचने दिया। देश की जनता कितनी नाराज है आप कल्पना कर सकते हैं। यूपी-बिहार जैसे राज्यों में कांग्रेस तीसरे चौथे पांचवें नंबर पर है। किसी का कुर्ता पकड़कर बचने की कोशिश कर रहा है। ये इसलिए हुआ, कथनी करनी में अंतर था। एनडीए सरकार वही कहती है जो जनता के लिए जरूरी है और उसे करके भी दिखाती है।" 

#12. मेरे रहते दवाई के बिना नहीं जूझेगा गरीब 
मोदी ने कहा- "अब कोई गरीब बीमार हुआ तो उसका बेटा अब दिल्ली में बैठकर उसकी चिंता कर रहा है। मेरा गरीब अब दवाई के बिना डॉक्टर के बिना अस्पताल के बिना जिंदगी और मौत के बीच जूझता नहीं रहेगा। सरकार अब 5 लाख का खर्च खुद उठा रही है। बिहार उन लोगों को पहचान चुका है जिनका सपना, डराकर, अफवाह फैलाकर समाज को बांटकर सत्ता हथिया लेना था। इनकी सालों से यही सोच रही है।"

#13. किसानों, गरीबों, महिलाओं को सीधे भेजी मदद 
मोदी ने कहा- "अररिया के भी दो लाख किसानों को उनके खाते में सीधे मदद दी गई। 90 लाख गरीब बहन बेटियों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया गया है। अररिया में भी 3.5 लाख महिलाओं को दिया गया। बिना भेदभाव सवा करोड़ का शौचालय बिहार में बनवाए गए। अररिया में भी चार लाख से ज्यादा शौचालय बने हैं। बिहार के हर गरीब को आयुष्मान योजना में 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है।" 

#14. एनडीए सरकार में भेदभाव नहीं 
मोदी ने कहा- "बिजली गैस शौचालय सड़क पहुंचाने के बाद अब ये दशक नए एयरपोर्ट, 24 घंटे बिजली देने का है। जंगलराज खत्म किया गया अब ये दशक नई उड़ान और संभावनाओं का है। बिहार को जब इस बार डबल इंजन की  ताकत मिलेगी यहां का विकास पहले से भी तेज गति से होगी यही भरोसा दिलाने आया हूं। सबका साथ सबका विश्वास के मंत्र पर चलते हुए आज एनडीए सरकार बिना भेदभाव लोगों और बिहार के गरीब लोगों किसानों के लिए काम कर रही है।" 

#15. अब बिहार की जरूरतों को पूरा करने का दशक 
मोदी ने कहा- "बीते दशक बिहार की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए था। नीतीश की पूरी टीम ने जी जान लगाके एक के बाद एक जरूरतों को पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। मान-अपमान के बीच भी एक दिन भी वो थके नहीं। जुल्म करने वालों की आदत के सामने वो कभी झुके नहीं थे। क्योंकि आपकी जरूरतों को पूरा करना नीतीश बाबू का मकसद था। वो दशक जरूरतों को पूरा करना था। अब ये दशक बिहार की आकांक्षाओं को पूरा करने का है।" 

#16. एनडीए राज में गरीब को सही मायने में मिला वोट का अधिकार  
मोदी ने कहा- "बिहार वो दिन भूल नहीं सकता। जब चुनाव को इन लोगों ने मज़ाक बनाकर रख दिया था। इनके लिए चुनाव का मतलब था, हिंसा-हत्याएं- बूथ कैप्चरिंग, बिहार के गरीबों से वोट लेने का अधिकार भी छीन लिया गया था। मतदान नहीं होता था वो तो दिखता था सिर्फ। हकीकत में वो दिन थे, मत छीन लिया जाता था वोट की लूट होती थी गरीब के हक की लूट होती थी। बिहार में गरीब को सही मायने में मतदान का अधिकार एनडीए ने दिया है।" 

#17. बिहार में एनडीए की सरकार बनना तय 
मोदी ने कहा- "मतदान के बाद जो जानकारी मिल रही है उससे एक बात साफ है कि बिहार की जनता ने डंके की चोट पर संदेश दे दिया है की बिहार में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। बिहार ने ठान लिया है की इस नए दशक में बिहार को नई ऊंचाई पर पहुंचाएंगे। बिहार के लोगों ने जंगलराज को डबल-डबल युवराज को सिरे से नकार दिया है। बिहार में एक कहावत है- सबकुछ खइनी, दू गो भुजा न चबईनी। यानी भरपेट खाने वाले की नजर अब भुजा पर है। आज एनडीए के विरोध में जो लोग खड़े हैं वो इतना कुछ खाने-पीने के बाद फिर से बिहार को लालच भरी नजरों से देख रहे हैं। 

#18. रंगबाजी का दौर खत्म 
मोदी ने कहा- "बिहार की जनता जानती है कौन विकास के लिए प्रतिबद्ध है और कौन परिवार के विकास के लिए। आज बिहार में परिवारवाद हार रहा है। जनतंत्र फिर से जीत रहा है। रंगबाजी और रंगदारी हार रही है, विकास फिर से जीत रहा है। आज बिहार में अहंकार हार रहा है और परिब्रह्म फिर से जीत रहा है। घोटाला हार रहा है और लोगों का हक फिर से जीत रहा है। गुंडागर्दी हार रही है कानून का राज वापस लाने वाले फिर जीत रहे हैं।" 

#19. चुनाव कर्मचारियों का अभिनंदन  
मोदी ने कहा- "कोरोना के दौर में जिस तरह बिहार के लोग लोकतन्त्र के लिए घरों से बाहर निकले वो पूरी दुनिया को एक बड़ा संदेश है। कोरोना के भय में भी लोकतंत्र के लिए बिहार का ये जज्बा भरोसा जगाने वाला है।" पीएम ने चुनाव आयोग को भी बधाइयां दी। मोदी ने चुनाव में लगे कर्मचारियों, पुलिस, अर्ध सैनिक बलों के जवानों की भी तारीफ की। 

 

- मोदी ने मैथिली में उपस्थित जनसमूह और अररिया की हस्तियों का अभिनंदन कर स्पीच की शुरुआत की। 

 

पीएम की अररिया रैली यहां देखें लाइव :- 

 

Share this article
click me!