लॉकडाउन में फंसी थी हिमाचल से पटना आई दुल्हन, घरवालों के बिना हुई शादी, पड़ोसी ने किया कन्यादान

लॉकडाउन के कारण कई शादियां टल गई है। लेकिन कई ऐसे भी परिवार है, जो इसी व्यवस्था के बीच शादी संपन्न करा रहे हैं। पटना में एक ऐसी ही शादी हुई, जहां हिमाचल प्रदेश की बेटी बिहार की बहू बनी। 

Asianet News Hindi | Published : Apr 26, 2020 6:21 AM IST

पटना। लॉकडाउन का प्रभाव शादी-विवाह पर भी खूब पड़ा है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खरमास के बाद कई परिवारों ने शुभ मुर्हूत देखकर शादी की प्लानिंग की थी। लेकिन इसी बीच कोरोना का संक्रमण बढ़ने के बाद लॉकडाउन की घोषणा हो गई। 21 दिनों वाले लॉकडाउन-1 का तो शादी-विवाह पर कोई खास असर नहीं पड़ा। क्योंकि उस समय खरमास चल रहा था। लेकिन 14 अप्रैल से 3 मई तक के लिए बढ़ाए गए लॉकडाउन-2 के बीच ही शादी-विवाह के कई मुर्हूत पड़ रहे हैं।

इस बीच कई परिवारों ने शादियां टाल दी तो कई इसी दौरान किसी न किसी तरह शादियां संपन्न कर रहे हैं। लॉकडाउन के बीच एक ऐसी ही शादी बिहार की राजधानी पटना में संपन्न हुई। हिमाचल प्रदेश की बेटी बिहार की बहू बनी। 

लाइव स्क्रीनिंग से दुल्हन के परिजनों ने देखी शादी
खास बात यह रही कि लॉकडाउन के कारण बेटी की शादी में उसके परिवार का कोई सदस्य हिमाचल प्रदेश से बिहार नहीं आ सका। दुल्हन के परिजनों ने लाइव स्क्रीनिंग के जरिए हिमाचल से ही बेटी की शादी की रस्में देखी। लॉकडाउन के कारण जब दुल्हन के परिवार से किसी का आना संभव नहीं हो सका तो कन्यादान की रस्म भी एक पड़ोसी ने की। शादी में कोरोना के बचाव के तमाम इंतजाम किए गए। शादी में बहुत कम लोग शामिल हुए। जो शामिल भी हुए वो मास्क लगाए थे।  

पटना आई थी दुल्हन, फिर यही फंसी
मिली जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश की रहने वाली दुल्हन ज्योति मार्च में ही पटना आ गई थी। ताकि जेवर बनवाया जा सके और अन्य शॉपिंग की जा सके। लेकिन पटना आने के बाद वो लॉकडाउन के कारण फिर वापस नहीं जा सकी। इसी बीच शादी का दिन करीब आ गया। लॉकडाउन में दुल्हन के परिवार से कोई आ नहीं सकता था। इस बीच दोनों परिवार ने बातचीत कर इसी व्यवस्था में शादी की रजामंदी की। जिस अपार्टमेंट में ये शादी हुई, वहीं के एक पड़ोसी ललन सिंह ने ज्योति के पिता का फर्ज अदा करते हुए कन्यादान किया। शादी के लिए पुरोहित भी अपार्टमेंट से मिल गए। शादी संपन्न होने के बाद दोनों परिवारों ने वर-वधू को आर्शीवाद दिया।     

Share this article
click me!