
दरभंगा। जिले के दो लोगों को जीआरपी और आरपीएफ ने दो करोड़ रुपए के साथ मध्यप्रदेश के खंडवा स्टेशन पर गिरफ्तार किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों लोगों की पहचान दरभंगा के विनोद झा और अमित यादव के रूप में हुई है। दोनों मुंबई से दरभंगा आने वाली ट्रेन पवन एक्सप्रेस से बिहार आ रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार दोनों को मुबंई पुलिस के इनपुट पर खंडवा से गिरफ्तार किया गया। बताया जाता है कि ये दोनों मुंबई के किसी कारोबारी से ठगी कर दो करोड़ की रकम एक बड़े ट्रॉली बैग में भर कर बिहार आ रहे थे।
पवन एक्सप्रेस ट्रेन से खंडवा में हुई गिरफ्तारी
बताया जाता है कि मुंबई के किसी बड़े व्यापारी से ठगी कर ये दोनों पैसे लेकर बिहार भाग रहे थे। लेकिन इनकी सूचना मुंबई क्राइम ब्रांच को दे दी गई। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने आरपीएफ को मामले की सूचना दी। जैसे ही पवन एक्सप्रेस मध्यप्रदेश के खंडवा पहुंची, खंडवा जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने एसी बोगी में छापेमारी की। जिसमें दोनों को रुपयों से भरे ट्रॉलीबैग के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना मुंबई क्राइम ब्रांच दे दी गई है। जिसके बाद मुंबई पुलिस की भी एक टीम खंडवा आ रही है।
मुंबई पुलिस की पीसी के बाद सच्चाई आएगी सामने
फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं मिली है कि इन दोनों ने मुंबई के किस कारोबारी से और कैसे ठगी की। मामले में मुंबई पुलिस के प्रेस क्रॉफ्रेंस के बाद सारी सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल गिरफ्तार किए गए दोनों ठगों को जीआरपी ने हिरासत में ले रखा है। बता दें कि इससे पहले भी मुंबई में एक महिला से छिनतई कर जेवर के नगदी के साथ झारखंड स्थित अपने घर आ रहे दो बदमाशों को मुंबई पुलिस ने बिहार के जमालपुर स्टेशन से गिरफ्तार किया था। उस मामले बदमाश ट्रेन से भागे थे जबकि उसे पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस की टीम हवाई जहाज से बिहार आई थी।
बिहार की राजनीति, सरकारी योजनाएं, रेलवे अपडेट्स, शिक्षा-रोजगार अवसर और सामाजिक मुद्दों की ताज़ा खबरें पाएं। पटना, गया, भागलपुर सहित हर जिले की रिपोर्ट्स के लिए Bihar News in Hindi सेक्शन देखें — तेज़ और सटीक खबरें Asianet News Hindi पर।