
मुंबई. 78 साल के अमिताभ बच्चन (Amitabh Bacchan) ने कुछ वक्त पहले अपनी एक आंख की सर्जरी कराई थी। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी भी दी थी। अब उन्होंने बताया है कि उनकी दूसरी आंख की सर्जरी भी हो गई है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि यह उनके लिए जिंदगी बदलने वाला अनुभव है। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा- और दूसरी भी सफल रही.. तेजी से ठीक हो रहा... सब कुछ अच्छा है। उन्होंने लिखा- यह जिंदगी बदलने वाला अनुभव है। आप अब वह देख पा रहे हैं जो पहले नहीं देख पाते थे। निश्चित रूप से एक आश्चर्यजनक दुनिया है। इसके साथ ही अमिताभ ने डॉक्टर का भी शुक्रिया किया है। उन्होंने फैन्स को भी थैंक्स कहा। उन्होंने लिखा- आपके प्यार और स्नेह का बहुत-बहुत शुक्रिया। मैं बेहद भावुक हो जाता हूं ये देख कि किस तरह आप मेरी सेहत के लिए दुआ करते हैं।
अमिताभ ने इससे पहले अपने ब्लॉग में सर्जरी का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि कैसे सर्जरी के जरिए वह एक नई और खूबसूरत दुनिया देख पा रहे हैं। उन्होंने इसे बेहद खास एक्सपीरियंस बताया। उन्होंने अपने ब्लॉग में इस बात का भी जिक्र किया कि किसी भी कारण सर्जरी में देरी नहीं की जानी चाहिए। थोड़ी सी देरी किसी भी शख्स को पूरी तरह अंधा बना सकती है। उन्होंने लिखा- मैं सलाह दूंगा कि अगर आपको दिक्कत है तो वक्त से पहले सर्जरी करा लेनी चाहिए।
उन्होंने 27 फरवरी रात 10.16 मिनट पर एक पोस्ट लिखी थी। पोस्ट के जरिए अपने तमाम फैन्स को हेल्थ अपडेट दिया था। उन्होंने लिखा था- मेडिकल कंडीशन...सर्जरी...ज्यादा... कुछ नहीं लिख सकता। ये पहली बार नहीं है जब अमिताभ को अस्पताल जाना पड़ा हो या फिर उनकी कोई सर्जरी हुई हो। कुली फिल्म के सेट पर हुए हादसे के बाद एक्टर की कई बार सर्जरी की जा चुकी है। इतने सालों बाद भी उनको वो तकलीफ आज भी परेशान कर जाती है।
फिल्म चेहरे का टीजर
बता दें कि अमिताभ की अपकमिंग फिल्म चेहरे का टीजर हाल ही में रिलीज हुआ था। इस फिल्म में उनके साथ इमरान हाशमी लीड रोल में है। टीजर के साथ ही फिल्म की रिलीज डेट की भी घोषणा की गई थी। ये फिल्म इसी साल 9 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। फिल्म के 45 सेकेंड के टीजर में अनु कपूर, इमरान हाशमी और अमिताभ बच्चन की आवाजें सुनाई दी थी। तीनों अपने-अपने हिसाब से जुर्म, इंसाफ और ईमानदारी की बातें कर रहे था। फिल्म चेहरे की स्टारकास्ट काफी लंबी-चौड़ी है। इसमें रघुबीर यादव और सिद्धांत कपूर भी नजर आएंगे। रूमी जाफरी की इस फिल्म के पोस्टर्स पहले ही जारी हो चुके हैं। फिल्म में क्रिस्टल डीसूजा के साथ रिया चक्रवर्ती भी हैं। हालांकि, इसमें रिया चक्रवर्ती की अभी कोई झलक पोस्टर या टीजर में देखने के लिए नहीं मिली है। 'चेहरे' एक मिस्ट्री-थ्रिलर फिल्म है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।