
मुंबई. कोरियोग्राफर सरोज खान का शुक्रवार को बांद्रा के गुरु नानक अस्पताल में कार्डियक अरेस्ट की वजह से निधन हो गया। उनके निधन से बॉलीवुड को एक और बड़ा झटका लगा है। तमाम सेलेब्स ने उनके जाने पर दुख जाहिर किया है। बीती 17 जून को उनको सांस लेने में दिक्कत होने के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले सरोज खान का डायलिसिस भी होता था। इस दौरान उनका कोरोना टेस्ट हुआ था, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। अब सरोज को लेकर कहा जा रहा है कि उनके इलाज का खर्चा सलमान और उनकी बहन अलवीरा उठा रही थीं।
अलविरा अग्निहोत्री ने भी की सरोज खान की मदद
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सरोज खान के इलाज का खर्च सलमान खान का फाउंडेशन उठा रहा था। वहीं, सलमान खान की बहन अलवीरा अग्निहोत्री ने भी सरोज खान के इलाज में मदद की थी। सरोज खान का घर मलाड इलाके में है और वह बांद्रा के गुरु नानक अस्पताल में अपना इलाज करवा रही थीं। इसी इलाके में खुद सलमान खान भी रहते हैं।
सलमान खान ने हमेशा की है जरूरतमंदों की मदद
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि सलमान खान हमेशा से जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए हैं। वहीं, उनके फाउंडेशन की तरफ से की जाने वाली मदद को लेकर एक्टर ने कभी मीडिया में बात नहीं की है। बता दें कि सलमान खान की बहन अलवीरा अग्निहोत्री और पिता सलीम खान की देखरेख में फाउडेंशन चलता है।
सलमान ने सरोज खान से किया था वादा
हाल के दिनों में सरोज खान काम ना मिलने की वजह से थोड़ी परेशान थीं। इस पर सलमान खान ने सरोज से मुलाकात की थी। यही नहीं उन्होंने उन्हें अपनी अगली फिल्म में काम देने का वादा भी किया था। हालांकि, यह वादा पूरा होता कि इससे पहले सरोज खान का निधन हो गया। सलमान और सरोज ने फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' और 'अंदाज अपना अपना' समेत कई फिल्मों में साथ काम किया था।
गौरतलब है कि इससे पहले जूनियर आर्टिस्ट सईदा ने बताया था कि उनके कैंसर के इलाज का खर्च सलमान खान का फाउंडेशन बीइंग ह्यूमन उठा रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि जब भी इलाज करवाती हैं, बिल सलमान खान के पास चला जाता है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।