
मुंबई। प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस की धक्का-मुक्की और बुरे बर्ताव पर शत्रुघ्न सिन्हा ने रिएक्ट किया है। अपनी बात रखते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने सीधे-सीधे पीएम मोदी पर निशाना साधा है। अपने ट्वीट में शत्रुघ्न ने लिखा- "सर, विनम्रता से, मैं आशा और दुआ करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि शांति, सुरक्षा, एकता और खासकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए आपके अच्छे भाव लोगों पर नजर आएं। आपका सबसे चर्चित स्लोगन 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' आपके ही उपदेशों के उलट विरोधाभास बन रहा है।"
शत्रुघ्न सिन्हा ने आगे लिखी ये बात :
शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने ट्वीट को आगे बढ़ाते हुए लिखा- "पुलिस ने बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ गलत व्यवहार किया, जो कि देश जाने-माने 'गांधी नेहरू' परिवार से हैं। ऐसा तब हुआ, जबकि वो लखनऊ में CAA के विरोध-प्रदर्शन के दौरान मारे गए, गिरफ्तार किए गए लोगों के परिजनों से मिलने जा रही थीं। सबसे पहले, आपने अपनी सुरक्षा को बढ़ाते हुए VIP की सिक्योरिटी को धीरे से हटाया या घटा दिया, फिर गांधी परिवार की SPG सिक्योरिटी को भी हटा दिया और अब यूपी पुलिस आपकी सरकार के कहे मुताबिक उनके साथ इस तरह का बर्ताव कर रही है।"
पीएम पर साधा निशाना तो खुद ही ट्रोल हो गए शत्रुघ्न :
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट तो कर दिया लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हीं को निशाने पर ले लिया। एक शख्स ने लिखा- इसको भी कोई सीरियस ले रहा है क्या? वहीं एक अन्य शख्स ने लिखा- खामोश! मिस्टर शत्रु। पहले मैटर को समझ लो, मुंह है तो बोल दो...ट्विटर है तो लिख दो...बुद्धि है तो पहले मैटर समझ लो।
ये है पूरा मामला :
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुई हिंसा भड़काने तथा अन्य आरोप में पुलिस ने पूर्व आईपीएस एस.आर. दारापुरी, सोशल एक्टिविस्ट तथा कांग्रेस प्रवक्ता सदफ जफर को गिरफ्तार किया हुआ है। एसआर दारापुरी और सदफ जफर की फैमिली से मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी को रास्ते में पुलिस ने रोक लिया। इस पर प्रियंका ने कहा, 'हमें रोड पर रोकने का कोई मतलब ही नहीं है। यह मामला एसपीजी का नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस का है।'
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।