
मुंबई. सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड केस में हर दिन कुछ ना कुछ नया खुलासा हो रहा है। ऐसे में एक्टर के फार्महाउस के मैनेजर राहुल ने खुलासा किया है कि रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार ने पिछले साल पावना लेक के पास मौजूद इस प्रॉपर्टी में पूजा की थी। उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलासा किया है। इस रिपोर्ट की मानें तो सुशांत का ये फार्महाउस लोनावला में है। एक्टर ने इसे किराए पर लिया था, जिसका किराया हर महीने करीब 3 लाख रुपए बताया जाता है। इतना ही नहीं रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि अगस्त 2020 तक उन्होंने किराया भी एडवांस में दे दिया था।
मुंबई से इतनी दूरी पर स्थिति है यह फार्महाउस
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो हैंगआउट विला नाम का यह फार्महाउस मुंबई से करीब 95 किमी. दूर है। यहां का रास्ता बहुत अच्छा नहीं है। लेकिन, सुशांत जब भी अपसेट या परेशान होते थे, वो वक्त बिताने यहां पहुंच जाया करते थे। चैनल से बातचीत में राहुल ने बताया कि वो सुशांत के साथ पिछले दो सालों से काम कर रही थे और इस दौरान उन्होंने कभी उन्हें किसी परेशानी या डिप्रेशन में नहीं देखा था। वो जब भी फार्महाउस पर होते थे, तब हंसते-मुस्कुराते हुए एन्जॉय किया करते थे। उनके मुताबिक, सुशांत महीने में तीन से चार बार फार्महाउस पर आते थे। कभी-कभी तो वो हफ्ते में दो बार भी पहुंच जाया करते थे।
फार्महाउस में क्या करते थे सुशांत?
सुशांत के फार्महाउस मैनेजर राहुल के मुताबिक, 'सुशांत फार्महाउस पर आकर बोटिंग करते थे। कभी-कभी सुबह आकर शाम को लौट जाया करते थे तो कभी रात में आते थे और उनका खाना-पीना भी फार्महाउस पर ही चलता था। उन्हें प्लांटेशन और खेती का बहुत शौक था। कभी-कभी रिया चक्रवर्ती भी उनके साथ फार्महाउस पर मौजूद रहती थीं।
पिछले साल फार्महाउस पर ही सेलिब्रेट किया था रिया का बर्थडे
राहुल बताते हैं कि पिछले साल रिया का बर्थडे फार्महाउस पर ही सेलिब्रेट किया गया था। उस वक्त उनके पैरेंट्स और भाई (शोविक) को भी उन्होंने वहां देखा था। रिया के कुछ दोस्त भी पार्टी में आए थे। इस दौरान वहां उन्होंने भगवान की मूर्ति की स्थापना की थी और पूरे चक्रवर्ती परिवार ने पूजा भी की थी। राहुल की मानें तो पिछले साल जब पुराने कर्मचारियों को निकाला गया था, तब उन्हें भी हटा दिया गया था। हालांकि, अगले दिन ही उन्हें वापस बुला लिया गया था। राहुल के मुताबिक, उन्हें हटाने वालों में सिद्धार्थ पिठानी भी शामिल थे।
पहले भी सामने आ चुकी है रिया की पूजा वाली बात
पिछले दिनों सुशांत के बैंक स्टेटमेंट की कॉपी सोशल मीडिया पर सामने आई थी। इससे साफ हो गया था कि रिया ने पिछले साल जुलाई और अगस्त में सुशांत के अकाउंट से 5 बार पूजा-पाठ और पुजारी की दक्षिणा के नाम पर पैसे निकाले थे। इस दौरान एक्टर के परिवार ने आरोप लगाया था कि रिया ने इस पैसे का इस्तेमाल सुशांत के खिलाफ जादू-टोना करने के लिए किया था। इससे भी पहले सुशांत की बहन मीतू एक नौकर के हवाले से यह दावा कर चुकी हैं कि रिया सुशांत पर काला जादू करती थीं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।