सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर विवेक ओबेरॉय ने ऐसा बयान दिया है, जिसने सबका ध्यान खींचा है। आखिर भारतीय सेना और फिल्म को लेकर एक्टर ने क्या अपील की?
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ रिलीज से पहले लगातार चर्चा में है। कई बार टलने के बाद फिल्म अब 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। इस बीच बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय ने फिल्म को लेकर अपनी राय रखी है। उन्होंने न सिर्फ सलमान की फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं, बल्कि दर्शकों से भी एक खास अपील की। विवेक का मानना है कि भारतीय सेना के शौर्य और बहादुरी पर बनने वाली फिल्मों को ऑडियंस का पूरा सपोर्ट मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया को अपना दोस्त भी बताया।
सलमान खान की 'मातृभूमि' को लेकर क्या बोले विवेक ओबेरॉय?
एक इवेंट में विवेक ओबेरॉय से सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य, बहादुरी, साहस और पराक्रम पर अगर कोई फिल्म बनती है, तो दर्शकों को उसका समर्थन करना चाहिए। विवेक ने कहा, “मैं मानता हूं कि कोई भी फिल्म अगर हमारी इंडियन आर्मी के शौर्य, ब्रेवरी, करेज और वैलर पर बनती है, तो हमें ऑडियंस के तौर पर उसे सपोर्ट करना चाहिए। इस फिल्म को बहुत प्यार मिले।”
विवेक ओबेरॉय ने अपूर्व लाखिया को बताया अपना दोस्त
विवेक ओबेरॉय ने सिर्फ फिल्म की तारीफ ही नहीं की, बल्कि इसके निर्देशक अपूर्व लाखिया को लेकर भी खास बात कही। उन्होंने बताया कि अपूर्व उनके दोस्त हैं और दोनों ने फिल्म ‘शूटआउट’ में साथ काम किया था। एक्टर ने कहा, “मेरा दोस्त है अपूर्व लाखिया, जिसने इस फिल्म को डायरेक्ट किया है। शूटआउट में उसके साथ ही की थी। उसके लिए भी ढेर सारी शुभकामनाएं।” विवेक ने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि इसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा और यह लोगों को प्रेरित करेगी।
कब रिलीज होगी सलमान खान की 'मातृभूमि'?
सलमान खान की ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को रिलीज से पहले कई बार टाला गया, जिसके चलते इसकी रिलीज को लेकर काफी चर्चा रही है। अब आखिरकार फिल्म बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है। इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। कहानी भारतीय सेना के साहस और बलिदान से जुड़े विषय पर आधारित है। ऐसे में विवेक ओबेरॉय का समर्थन फिल्म की रिलीज से पहले चर्चा में आ गया है।
सलमान खान की फिल्म से टकराएगी विवेक ओबेरॉय की मूवी 'मिस्टर एंड मिसे ग्रे'!
दिलचस्प बात यह है कि सलमान खान की ‘मातृभूमि’ की रिलीज के एक हफ्ते बाद ही 11 दिसंबर को बाद विवेक ओबेरॉय की फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज ग्रे’ भी सिनेमाघरों में आने वाली है। इसके बावजूद विवेक ने सलमान की फिल्म और उसकी टीम को शुभकामनाएं देने में कोई संकोच नहीं किया। फिलहाल उनका बयान इस वजह से चर्चा में है कि उन्होंने फिल्म को किसी कलाकार के साथ जोड़कर नहीं, बल्कि भारतीय सेना के सम्मान और उसके शौर्य के नजरिए से देखने की अपील की है।










