सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को CBFC ने बिना किसी कट के पास कर दिया है। फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट मिला है और 4 दिसंबर को रिलीज होगी।

सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भारत-चीन संघर्ष की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने बिना किसी कट या बदलाव के हरी झंडी दे दी है। खास बात यह है कि फिल्म के सर्टिफिकेट पर CBFC चेयरमैन शशि शेखर वेंपति ने खुद हस्ताक्षर किए हैं। कभी ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से चर्चा में रही इस फिल्म की रिलीज से पहले कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब सेंसर सर्टिफिकेशन मिलने के बाद इसकी रिलीज का रास्ता साफ हो गया है।

सलमान खान की 'मातृभूमि' को CBFC से बिना कट मंजूरी

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ फिल्म सर्टिफिकेशन यानी CBFC ने बिना किसी कट या अतिरिक्त बदलाव के पास कर दिया है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है। यह खबर इसलिए भी अहम है। क्योंकि फिल्म के कंटेंट और उसमें चीन से जुड़े संदर्भों को लेकर पहले सवाल उठ रहे थे। दरअसल, फिल्म पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से बनाई जा रही थी, लेकिन इस साल इसका नाम बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया। फिल्म की कहानी 2020 में भारत और चीन के बीच हुए संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ऐसे समय में जब दोनों देशों के राजनयिक रिश्तों में सुधार की कोशिशें चल रही हैं, फिल्म के विषय को लेकर सेंसर सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया पर सबकी नजर थी।

'मातृभूमि' की रिलीज से पहले मेकर्स ने किए थे बदलाव

रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को सर्टिफिकेशन मिलने से पहले कुछ बदलावों की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा था। इंडस्ट्री से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि भारत सरकार की ओर से कुछ बदलाव करने को कहा गया था। इसके बाद मेकर्स ने उन सुझावों के मुताबिक फिल्म में जरूरी संशोधन किए और संबंधित अधिकारियों को यह दोबारा दिखाई। सूत्र के मुताबिक, अधिकारियों की मंजूरी मिलने के बाद फिल्म को तय प्रक्रिया के तहत CBFC के पास भेजा गया। चूंकि सरकारी अधिकारियों पहले ही फिल्म को हरी झंडी दे चुके थे, इसलिए सेंसर बोर्ड ने इसमें किसी अतिरिक्त कट या बदलाव की जरूरत नहीं समझी। इस तरह फिल्म को बिना किसी और संशोधन के सर्टिफिकेट मिल गया।

सलमान खान की फिल्म के सर्टिफिकेट पर CBFC चेयरमैन के साइन

‘मातृभूमि’ से जुड़ी एक और खास बात इसके सेंसर सर्टिफिकेट को लेकर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार सर्टिफिकेट पर CBFC चेयरमैन शशि शेखर वेंपति ने खुद हस्ताक्षर किए हैं। आमतौर पर CBFC के सीईओ राजेंद्र सिंह शेखावत सर्टिफिकेट पर डिजिटल साइन करते हैं। ऐसे में चेयरमैन के खुद हस्ताक्षर करने को एक असामान्य कदम माना जा रहा है। रिपोर्ट में इसे अपनी तरह के शुरुआती मामलों में से एक बताया गया है। हालांकि, इस विशेष हस्ताक्षर के पीछे कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।

मातृभूमि की रिलीज डेट और फिल्म की पूरी डिटेल

सलमान खान की इस फिल्म को 18 नवंबर को U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया गया। फिल्म की कुल अवधि 154 मिनट और 12 सेकंड है, यानी दर्शकों को करीब 2 घंटे 34 मिनट का सिनेमाई अनुभव मिलेगा। ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ अब 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। भारत-चीन संघर्ष पर आधारित कहानी और बिना कट के मिली सेंसर मंजूरी के चलते फिल्म रिलीज से पहले ही चर्चा में है। अब देखना होगा कि सलमान खान की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाती है।