दिलजीत दोसांझ ने बम धमकी के बावजूद मुंबई में शानदार कॉन्सर्ट कर धमकी देने वालों को करारा जवाब दिया। बता दें कि उनके अगले शो दिसंबर में देश के कई बड़े शहरों में होंगे।
Diljeet Dosanjh Mumbai Concert: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ अपना 'ऑरा इंडिया टूर 2026' लेकर मुंबई पहुंचे। कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने के बावजूद उन्होंने शानदार परफॉर्मेंस दी और फैंस का मनोरंजन किया। 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान दिलजीत ने धमकियों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और सुरक्षा व्यवस्था के लिए मुंबई पुलिस का धन्यवाद किया। उन्होंने फैंस के सहयोग की भी तारीफ की। दिलजीत ने साफ कहा कि धमकियों से न तो उनका संदेश बदलेगा और न ही वह अपना संगीत लोगों तक पहुंचाना बंद करेंगे। उनके मुताबिक, इन धमकियों का मकसद लोगों को डराना और उन्हें कॉन्सर्ट में आने से रोकना था। उन्होंने कहा कि उनकी तरफ से सभी के लिए सिर्फ प्यार है।
बम धमकियों पर दिलजीत दोसांझ ने दिया जवाब
दिलजीत दोसांझ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मुंबई कॉन्सर्ट का एक वीडियो शेयर किया। इसमें वह धमकियों का जिक्र करते हुए कहते हैं, "वे दिलजीत के शो को बम से उड़ाना चाहते हैं, वाह! उनका मकसद बस इतना है कि लोग दिलजीत का शो देखने न आएं। वे लोगों को डराना-धमकाना चाहते हैं और किसी भी तरह इस इवेंट को रोकना चाहते हैं। मैं आप सभी को अपना प्यार भेजता हूं। अगर आप बम फेंकना चाहते हैं, तो बेशक फेंकें, लेकिन मेरी तरफ से आपको सिर्फ प्यार ही मिलेगा।"
गांव की मिट्टी से जुड़ा है दिलजीत दोसांझ का संगीत
- कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने अपने गानों और गांव से जुड़ाव के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि वह ऐसे गाने गाते हैं, जिनका संबंध गांवों और वहां की संस्कृति से है। वह खुद भी एक गांव से आते हैं। इसलिए उनके संगीत में गांव की मिट्टी की खुशबू महसूस की जा सकती है।
- उन्होंने कहा, “मैं ऐसे गाने गाता हूं जो गांवों से जुड़े हैं और मैं खुद भी एक गांव से आता हूं। भले ही आपको मेरे गाने समझ न आएं, लेकिन आपको उनमें मेरे गांव की मिट्टी की महक जरूर महसूस होगी।”
मुंबई पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की दिलजीत ने की तारीफ
दिलजीत ने कॉन्सर्ट में सुरक्षा इंतजामों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि काफी लोग बाहर इंतजार कर रहे थे और पुलिस के सामने भी स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। इसके बावजूद पुलिस यह सुनिश्चित कर रही थी कि कार्यक्रम में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की ठीक से जांच हो। गायक ने कहा कि वह इस व्यवस्था के लिए मुंबई पुलिस के आभारी हैं। उन्होंने पुलिस का धन्यवाद करते हुए फैंस के धैर्य और सहयोग की भी सराहना की।
दिलजीत के कॉन्सर्ट से पहले मुंबई में जारी हुआ था हाई अलर्ट
- दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट से एक दिन पहले धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया था।
- यह ईमेल मुंबई की मेयर रितु तावड़े और म्युनिसिपल कमिश्नर अश्विनी भिड़े को भेजा गया था।
- इसमें मेयर के ऑफिस, अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' और मुंबई की दूसरी जगहों पर बम धमाके करने की धमकी दी गई थी।
- एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, ईमेल में खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे गए थे। साथ ही 1984 के सिख-विरोधी दंगों का भी जिक्र किया गया था।
- ईमेल भेजने वाले ने अपनी असली पहचान बताने के बजाय 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' और 'बब्बर खालसा (परमार-कनाडा)' नाम के दो समूहों का जिक्र किया था।
- इन धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं और कॉन्सर्ट स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
Diljit Dosanjh Aura India Tour 2026 का शेड्यूल
मुंबई में कॉन्सर्ट के बाद दिलजीत दोसांझ अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' के तहत कई दूसरे शहरों में भी परफॉर्म करेंगे। उनके आगामी कार्यक्रमों का शेड्यूल इस प्रकार है।
- 29 नवंबर को बेंगलुरु में कॉन्सर्ट होगा।
- 5 दिसंबर को लखनऊ में परफॉर्म करेंगे।
- 12 दिसंबर को चंडीगढ़ में कार्यक्रम होगा।
- 19 दिसंबर को कोलकाता में कॉन्सर्ट करेंगे।
- 31 दिसंबर को अबू धाबी में आखिरी शो होगा।












