
8th Pay Commission Retirement Rule Update: 8वें वेतन आयोग की सुगबुगाहट के बीच केंद्रीय कर्मचारियों में 'साल में दो बार रिटायरमेंट' के एक नए प्रस्ताव की भारी चर्चा है। इसके तहत कर्मचारियों को जन्म महीने के बजाय सीधे 30 जून या 31 दिसंबर को रिटायर करने का विचार है, जिससे कई लोगों को 5 महीने तक की एक्स्ट्रा नौकरी और सैलरी मिल सकती है। हालांकि, सरकार ने अभी इस पर कोई फाइनल फैसला नहीं लिया है, लेकिन एक्सपर्ट्स इसे कर्मचारियों के फायदे और सरकारी मैनेजमेंट को बेहतर बनाने वाला एक बड़ा कदम मान रहे हैं। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला और इससे आपका क्या फायदा होने वाला है...
अभी केंद्र सरकार के कर्मचारी अपने जन्म महीने के आखिरी दिन रिटायर होते हैं। उदाहरण के लिए अगर किसी कर्मचारी का जन्म जनवरी में हुआ है, तो वह जनवरी के आखिरी दिन सर्विस से रिटायर हो जाता है। लेकिन चर्चा में चल रहे प्रस्ताव के अनुसार कर्मचारियों को दो ग्रुप में बांटा जा सकता है। जनवरी से जून के बीच जन्मे कर्मचारी एक साथ 30 जून को रिटायर हों। जुलाई से दिसंबर के बीच जन्मे कर्मचारी 31 दिसंबर को रिटायर हों। यानी जन्म महीने के बजाय साल में सिर्फ दो तय तारीखों पर रिटायरमेंट हो।
मान लीजिए किसी कर्मचारी का जन्म जनवरी में हुआ है। मौजूदा नियम के अनुसार वह जनवरी में रिटायर हो जाएगा, लेकिन अगर नया मॉडल लागू होता है तो उसे जून तक नौकरी करने का मौका मिल सकता है। इसका मतलब है कि करीब 5 महीने एक्स्ट्रा नौकरी करने का मौका मिलेगा, 5 महीने तक एक्स्ट्रा सैलरी भी मिलेगी, कुछ मामलों में रिटायरमेंट बेनिफिट्स पर भी असर पड़ सकता है। यही वजह है कि कर्मचारी इस प्रस्ताव को लेकर खास दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
अगर साल में सिर्फ दो बार रिटायरमेंट होती है तो सरकार के लिए भी योजना बनाना आसान हो सकता है। जैसे, भर्ती प्रक्रिया पहले से तय की जा सकती है। खाली होने वाले पदों का अनुमान लगाना आसान होगा। विभागों को स्टाफ की जरूरत का अंदाजा पहले से रहेगा। बजट और ह्यूमन रिसोर्स प्लान बेहतर तरीके से बनाई जा सकेगी। यानी कर्मचारियों के साथ-साथ प्रशासन को भी फायदा मिल सकता है।
अभी इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी गई है। अभी तक केंद्र सरकार की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक आदेश, नोटिफिकेशन या घोषणा जारी नहीं हुई है। पिछले कुछ समय से यह प्रस्ताव चर्चा में जरूर है, लेकिन फिलहाल यह सिर्फ सुझाव और बहस के स्तर पर ही है। इसलिए सोशल मीडिया पर चल रही हर जानकारी को अंतिम फैसला मानने की गलती न करें।
केंद्र सरकार में लाखों कर्मचारी काम कर रहे हैं। अनुमान है कि हर साल करीब 3 लाख कर्मचारी रिटायरमेंट की उम्र तक पहुंचते हैं। अगर कभी साल में दो बार रिटायरमेंट वाला सिस्टम लागू हुआ तो बड़ी संख्या में कर्मचारियों का रिटायरमेंट जून और दिसंबर में एक साथ हो सकता है।
8वें वेतन आयोग को लेकर कर्मचारी पहले से वेतन, भत्तों और पेंशन से जुड़ी उम्मीदें लगाए बैठे हैं। ऐसे समय में जब नौकरी और आय से जुड़ा कोई नया प्रस्ताव सामने आता है, तो स्वाभाविक रूप से उसकी चर्चा बढ़ जाती है। यही कारण है कि एक्स्ट्रा नौकरी और एक्स्ट्रा सैलरी वाला यह मॉडल कर्मचारियों का ध्यान खींच रहा है।
फिलहाल किसी भी वायरल पोस्ट या सोशल मीडिया मैसेज पर भरोसा करने से पहले आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें। ध्यान रखें कि अभी कोई नया नियम लागू नहीं हुआ है। रिटायरमेंट की मौजूदा व्यवस्था पहले की तरह जारी है। सरकार की ओर से कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।